सतर्कता दल ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 48 यात्री पकड़े
रेलवे सतर्कता दल ने बुधवार को स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट के यात्रा कर चोरी-छिपे पिछले दरवाजे से निकल रहे 48 यात्रियों को दल ने पकड़ लिया। इनमें से कई को जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने दौड़कर पकड़ा। इनसे 21 हजार 760 रुपए जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा स्टेशन पर 4 जनों को धूम्रपान करते पकड़ा गया। इनसे 200-200 रुपए जुर्माना किया। इसके अलावा रेलवे लाइन पार करते हुए 8 यात्रियों को पकड़ा। टीम ने प्रत्येक से 200 रुपए जुर्माना वसूला। कार्रवाई रेलवे मजिस्ट्रेट जितेंद्र सांवरिया के निर्देशन में हुई। मुख्य टिकट निरीक्षक कमल कपूर ने बताया कि अभियान गुरुवार को भी चलेगा। कार्रवाई में टीसी मोहनसिंह, आरपीएफ के संतोषसिंह, जीआरपी फूलसिंह, जगन सिंह सोलंकी आदि मौजूद थे। सांवरिया ने बताया बिना टिकट एवं नियमों का पालन नहीं करने वाले यात्रियों के खिलाफ यह अभियान जारी रखा जाएगा।