पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भरतपुर में पहली बार प्रतिमाओं पर पुलिस का पहरा, शोभायात्रा निकालने पर भी रोक

भरतपुर में पहली बार प्रतिमाओं पर पुलिस का पहरा, शोभायात्रा निकालने पर भी रोक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती शनिवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई जाएगी। लेकिन, इस बार तनाव जैसे हालात बने हुए हैं। प्रशासन ने इस मौके पर किसी भी संगठन को अंबेडकर जयंती की शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी है। कार्यक्रमों के लिए भी मंजूरी अनिवार्य होने की वजह से केवल रस्म अदायगी होने की संभावना है। अंबेडकर जयंती मनाने वाले संगठनों ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव भी किया है। वे अब शहर-कस्बे के बजाय गांव स्तर पर कार्यक्रम करने की रणनीति में जुट गए हैं। इस बीच, असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाए जाने की आशंका को देखते हुए प्रतिमाओं पर पहरा बिठा दिया है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में रेपिड एक्शन फोर्स, आरएसी और बीएसएफ समेत अर्द्ध सैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई है। इन कंपनियों ने शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्रों फ्लैग मार्च भी किया।

दरअसल, अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों में जमानत के प्रावधान को लेकर सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के खिलाफ गत 2 अप्रैल को कुछ सामाजिक संगठनों द्वारा भारत बंद किया गया था। इस दौरान भरतपुर समेत देशभर में कई जगह हिंसक वारदातें हुई थीं। इसके विरोध में 10 अप्रैल को सवर्ण वर्ग के लोगों द्वारा स्वैच्छिक बंद रखा था।

जिला जाटव महासभा समिति ने मांगी शोभायात्रा की अनुमति, देर रात तक नहीं मिली
इधर, जिला जाटव महासभा समिति ने अंबेडकर जयंती के मौके पर शोभायात्रा निकालने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। समिति की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर प्रेस विज्ञप्ति जारी करके यह भी कहा कि जिला कलेक्टर एन. के. गुप्ता इस शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। लेकिन, दैनिक भास्कर ने इस बारे में जब जिला कलेक्टर गुप्ता से बात की तो उनका कहना था कि हरी झंडी दिखाना तो दूर अभी तक किसी संगठन को शोभायात्रा निकालने तक की अनुमति नहीं दी है। उन्होंने बताया कि समिति ने शोभायात्रा की मंजूरी के लिए आवेदन जरूर किया है। लेकिन, सुरक्षा-व्यवस्था की वजह से उनका आवेदन जिला पुलिस अधीक्षक के पास भेज दिया गया था। जब तक पुलिस की रिपोर्ट नहीं आती, तब तक समिति को शोभायात्रा निकालने की मंजूरी नहीं दी जा सकती। देर रात तक पुलिस से यह मंजूरी नहीं आई थी। इधर, प्रशासन ने केवल कैंपस परिसर में होने वाले कार्यक्रमों को ही कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी है। वहां भी सुरक्षा के कड़़े इंतजाम किए गए हैं। जिला जाटव महासभा समिति की ओर से सोगरिया मोहल्ला में शुक्रवार को पुष्पांजलि कार्यक्रम भी हुआ।

प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात: एसपी

नगर पालिका क्षेत्रों में जहां अंबेडकर भवन का शिलान्यास होना है, वहां। अंबेडकर की मूर्तियों और अन्य आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा बल तैनात रहेगा। जहां मूर्तियां है, वहां 2-2 जवान सुरक्षा के लिए अतिरिक्त लगाए गए हैं। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ सख्ती की जाएगी। -अनिल कुमार टांक, एसपी

पटपरा मोहल्ला

इंदिरा कॉलोनी

बीएसएफ और आरएसी की 7 कंपनियां लगाई
डीग की घटना के बाद प्रशासन ने अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं पर पुलिस पहरा बैठा दिया है। शहर की सभी मूर्तियों की सुरक्षा के लिए पुलिस जाप्ता शाम को ही पहुंच गया था। इधर अलावा अनुसूचित जाति के लोग भी सजग हैं। सुरक्षा के लिए रेपिड एक्शन फोर्स की 2 कंपनियों सहित बीएसएफ और आरएसी की 7 कंपनियां तैनात की हैं। शुक्रवार की शाम इन कंपनियों के जवानों ने भरतपुर शहर सहित कई कस्बों में फ्लैग मार्च किया। जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों द्वारा अंबेडकर की प्रतिमा पर सुबह 7 बजे माल्यार्पण किया जाएगा।

इधर, भाजपा की भोजन पॉलिटिक्स
इधर, सत्तारूढ़ भाजपा ने भोजन पॉलिटिक्स शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं महामंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को संविधान गौरव सम्मेलन में भाग लेने भरतपुर आएंगे। वे दोपहर का भोजन किसी दलित कार्यकर्ता के घर करेंगे। एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष मूलचंद पोहिया ने बताया कि सम्मेलन सुबह 11 सामुदायिक भवन हाउसिंग बोर्ड में होगा।

सोगरिया मोहल्ला

अनहोनी की आशंका पर यहां दें सूचना
अगर कहीं भी किसी असामाजिक तत्व की कोई आपत्तिजनक हरकत नजर में आती है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष भरतपुर के फोन नंबर 222570 या 100, 223929, 9530411127, 9530411128, 9530411129 पर दी जा सकती है।

डीग में हुई थी माहौल बिगाड़ने की कोशिश

हुआ यह कि वहां रात्रि में अज्ञात लोगों ने जयंती से पहले ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस पर डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेंद्र सिंह ने नई प्रतिमा लगवाने के लिए अपनी ओर से कुछ धनराशि देकर उनका गुस्सा शांत कराया।

कुम्हेर में आरएएफ तैनात

कुम्हेर में आरएएफ की एक कंपनी के अलावा आरएएफ को भरतपुर में लगाया है। आरएसी कंपनी डीग में और भरतपुर में दो कंपनी रिजर्व रखी गई हैं। बीएसएफ की एक कंपनी बयाना में लगाई है।

खबरें और भी हैं...