ग्राम स्वराज अभियान आज से
भरतपुर | जिले में 14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया जाएगा। जिसके अन्तर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीआर मीणा ने बताया कि 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस, 18 को स्वच्छ भारत दिवस, 20 को उज्जवला दिवस, 24 को राजकीय पंचायत दिवस, 28 को ग्राम शक्ति अभियान, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस, 2 मई को किसान कल्याण दिवस एवं 5 मई को आजीविका दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के 33 गांव में भारत सरकार की प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं मिशन इन्द्रधनुष योजना के द्वारा पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत यह प्रयास किया जाएगा कि कोई भी पात्र परिवार उपरोक्त योजना के लाभ से वंचित न रहें। अभियान की सफलता के लिए ब्लाक स्तरीय एवं ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारियों को नियुक्त कर सभी चयनित ग्राम में राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी व ग्राम विकास अधिकारी के माध्यम से पात्र परिवारों का सर्वे कराकर वंचित लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजना का लाभ दिलाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।