भरतपुर | एमएसजे कॉलेज की एनसीसी यूनिट में इस बार छात्राओं को भी प्रवेश मिलेगा। छात्राओं के लिए प्रथम वर्ष में 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इसका फायदा एमएसजे के अलावा धौलपुर के पीजी कालेज की छात्राओं को भी मिलेगा। उल्लेखनीय है कि अभी तक इन महाविद्यालयों की एनसीसी यूनिट में छात्रों को ही प्रवेश मिलता था। ऐसे में छात्राएं वंचित रहती थी, लेकिन इस बार उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं। एमएसजे कॉलेज के एनसीसी अधिकारी डॉ. हरवीर सिंह ने बताया कि एनसीसी यूनिट में छात्राओं के प्रवेश को लेकर नीतियों में बदलाव हुआ है। कॉ एड कॉलेज की एनसीसी यूनिट में छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलता था। पिछले वर्ष गाइडलाइन में बदलाव किए गए। इसके तहत वर्ष 2018 के शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ एनसीसी में जो प्रवेश मिलेगा, उसमें छात्राओं के लिए 33 प्रतिशत सीट रिजर्व रहेगी। उल्लेखनीय है कि एमएसजे में 3 राज एनसीसी की 200 और 6 राज एनसीसी की 140 सीटें हैं। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष शामिल है। नए नियम के अनुसार प्रथम वर्ष में करीब 40 छात्राओं को लिया जाएगा।
प्रदेश स्तर पर महाविद्यालयों में 10 नई एनसीसी यूनिट शुरू किए जाने की संभावना है। इसके तहत कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय की ओर से कॉलेजों को एनसीसी यूनिट आवंटित कराने के लिए आवेदन करने को कहा गया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से क्रमानुसार एनसीसी यूनिट आवंटित की जाती है।