अछनेरा रोड के जरिए भरतपुर को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली सड़क का ऊंदरा से यूपी बॉर्डर तक का रास्ता भारी खराब है। रास्ते में हर एक दो मीटर पर गड्ढे है और सड़क कई जगह से पूरी तक उधड़ी पड़ी है। ऐसे में वाहनों से चलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। यह स्थिति करीब 5 साल से है। इस कारण इस सड़क से जुडे़ करीब 30 गांवों के 70 हजार लोग परेशान हैं। इस खराब सड़क से गांव उंदरा, चिकसाना, सूती फुलवारा, ठेई, चक दौलतपुर, रुंध इकरन, खेमरा, मालोनी, बांसीखुर्द, पीरनगर, गामड़ी, आजादनगर, बझेरा, हाथी का नगला, नंदराम का नगला आदि के गांवों के लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। इस संबंध में पूर्व पार्षद मनोज शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा है कि करीब 7 किलोमीटर का यह टुकड़ा अधूरा पड़ा है। इस सड़क की स्थिति यह है कि यहां वाहन से चलना मुश्किल भरा है। इस कारण वाहनों के दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। चूंकि बारिश का मौसम आने वाला है। ऐसे में अगर समय रहते कार्रवाई की जाए, जिससे लोगों को परेशानी नहीं हो। ज्ञापन देने वालों में सेवर ब्लाक अध्यक्ष सतीश सोगरवाल, पूर्व पार्षद अशोक लवानिया, पूर्व सरपंच जेपी शर्मा, खेमरा के पूर्व सरपंच प्रमोद चौधरी, नरेश लवानिया, देवेंद्र गुर्जर, संदीप तिवारी, योगेश चौधरी, मुकेश डागुर आदि शामिल थे।
भरतपुर. ऊंदरा से अछनेरा जाने वाले मार्ग की टूटी सड़क।
10 मिनट के रास्ते पर लग रहा आधा घंटा से भी ज्यादा का समय
करीब 7 किलोमीटर के इस टुकड़े की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। करीब 10 मिनट के इस रास्ते का पार करने में वाहन चालकों को आधा घंटा लग जाता है। क्योंकि वाहन चालक 20 से ज्यादा की स्पीड नहीं ले पाता। इससे पेट्रोल-डीजल का खर्च भी बढ़ जाता है।
वैकल्पिक रास्ता... फतहपुर सीकरी होकर जाए अछनेरा
इस इलाके को लोगों का सामाजिक और कारोबारी रिश्ता अछनेरा व किरावली से ज्यादा है। इसलिए जब तक सड़क दुरुस्त नहीं हो तो फतहपुर सीकरी होकर किरावली और अछनेरा जा सकते हैं। यद्यपि इससे करीब 10 किलोमीटर का सफर बढ़ जाएगा।