नगर निगम ने शनिवार को आयुक्त शिवचरण मीना के नेतृत्व में पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। बिजली घर चौराहा से कन्नी गुर्जर चौराहा तक करीब 40 दुकानदार एवं ठेली चालकों से 70 किलो पॉलीथिन जब्त की। वहीं ग्राहकों को एक एनजीओ के माध्यम से कपड़े के थैले 20 रुपए की रियायती दर पर उपलब्ध कराए गए। निगम की ओर से शनिवार सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम को 4 से 7 बजे तक अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को कपड़े के थैले का उपयोग करने और दुकानदारों को पॉलीथिन काम नहीं लेने के लिए भी समझाइश की गई। इस दौरान लोगों ने कपड़े के करीब 250 थैले खरीदे। अभियान में निगम आयुक्त के साथ फायर ऑफिसर अमित कुमार के अलावा 10 सफाई निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि निगम की ओर से शुक्रवार को शहर में पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने के लिए रिक्शा में माइक लगाकर मुनादी कराई गई थी। इस संबंध में निगम आयुक्त शिवचरण मीना ने बताया कि दुकानदार दुबारा पॉलीथिन का उपयोग करते पाए जाएंगे उन पर 5 हजार रुपए तक का जुर्माना किया जाएगा।
भरतपुर. थैला बेचते एनजीओ सदस्य।