भरतपुर | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने एक साल बाद शुक्रवार को वर्ष 2017 के टॉपर्स की सूची घोषित की है। इसमें भरतपुर का छात्र अमित कुमार बारहवीं कक्षा विज्ञान वर्ग में तृतीय स्थान पर रहा है, जिसे 24 मई को दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा। संत कृपाल सीनियर सैकंडरी स्कूल के छात्र अमित ने इस सफलता का श्रेय अपने गुरुओं को दिया है। जिन्होंने उसे विद्यालय में ही रहने का रूम दिया और फिर समय-समय पर पढा़ई में मदद व प्रोत्साहन दिया। यही वजह रही कि वह ट्यूशन कभी नहीं पढ़ा और स्कूल के अलावा 7 घंटे नियमित पढ़ाई की।
शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर गांव पीपला निवासी अमित का कहना है कि उसने 500 अंक में से 491 अंक प्राप्त किए, लेकिन मैरिट की उम्मीद नहीं थी। अब वह आगे पढ़ाई करके आईएएस बनना चाहता है, जिसके पास समाज के लिए करने को बहुत कुछ होता है और ख्याति मिलती है। उसके पिता प्रेमसिंह किसान हैं और मां उषा देवी गृहिणी हैं। वह घर में तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा है, उसके एक बड़ी बहन अनुपमा की शादी हो चुकी है और बड़ा भाई अंकित वायुसेना में ट्रेनिंग करने गया है।