भरतपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिल गोयल ने देवस्थान विभाग के मंत्री को ज्ञापन भेजकर मंदिर श्री वराह भगवान के संरक्षण की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि पुरोहित मोहल्ला स्थित रियासतकालीन राजकीय सुपुर्दगी श्रेणी के मंदिर श्री वराह भगवान में एक व्यक्ति द्वारा तोड़-फोड़ की जा रही है। भगवान की मूर्ति को नाली के ऊपर रख रखा है। जिससे भक्तजनों में आक्रोश है। शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग के अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर कोई कदम नहीं उठाए हैं। ज्ञापन पर बृजभूषण भारद्वाज, राकेश शर्मा, महेश चौधरी, विनोद, रवि माथुर, अनिल आदि के हस्ताक्षर हैं।