राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सलेक्शन ट्रायल 18 को
उदयपुर में 6 से 7 जून तक होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स सलेक्शन ट्रायल 18 मई को सुबह 8 बजे से मल्टी परपज स्कूल में होगा। संयोजन डा. रमेश इंदौलिया ने बताया कि जिले के इच्छुक खिलाड़ी निशुल्क निर्धारित रजिस्ट्रेशन फार्म भरकर मय जन्म प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड के साथ अपना फोटो लगाकर 18 मई को सुबह 8 बजे तक जमा करा सकते हैं।
इस मौके पर 100, 200, 400, 800, 1500,5000,10000 मीटर दौड़, लम्बी, ऊंची कूद, गोला, भाला एवं तश्तरी फैंक का ट्रायल होगा। एक खिलाड़ी केवल कोई भी दो इवेंट में भाग ले सकता है। जो एथलेटिक्स जिला स्तर पर प्रथम स्थान के साथ-साथ निर्धारित मापदंड को पूर्ण करेंगे तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के होंगे उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।
ग्रीष्मकालीन एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ
भरतपुर। शिक्षा विभागीय ग्रीष्मकालीन एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को मास्टर आदित्येन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय मल्टीपरपज स्कूल में हो गया। शिविर का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम रामकेश मीणा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ-साथ नैतिक चरित्र के द्वारा ही खेलकूद में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस मौके पर व्याख्याता नबाब सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। शिविर में बालक-बालिका खिलाड़ियों को फिजीकल फिटनेस की क्रियाओं के अलावा नैतिकता का पाठ पढ़ाया गया। इस मौके पर प्रशिक्षक के रूप में राजेश, रामराज, नटवर सिंह आदि मौजूद रहे।
भरतपुर. खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते प्रशिक्षक।