पोर्टल पर शो नहीं हुई परचेज जीएसटीआर-4 रिटर्न अटकी
भरतपुर | जीएसटीआर-4 की तिमाही रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 अप्रैल है, किंतु अभी तक जीएसटी के पोर्टल पर परचेज शो नहीं हो रही है। इस कारण व्यापारी असमंजस में और रिटर्न दाखिल नहीं कर पा रहे हैं। इससे करीब 14 हजार व्यापारी परेशान है। क्योंकि अगर 18 तक रिटर्न फाइल नहीं हुई तो 100 रुपए रोज का जुर्माना लगेगा। उल्लेखनीय है कि कंपोजीशन स्कीम में शामिल व्यापारियों काे जनवरी, फरवरी और मार्च 2018 की जीएसटीआर-4 रिटर्न दाखिल करनी है। जिसमें तीन महीने के बिल वार खरीद, बिक्री की समरी तथा टैक्सेबल सेल पर कितनी कंपोजीशन फीस जमा कराई आदि की जानकारी देनी है। यह कई घंटे का काम है। किंतु जीएसटी की पोर्टल पर अभी तक जीएसटीआर-4 में परचेज शो नहीं हो रही। सीए भरतपुर ब्रांच के पूर्व अध्यक्ष सीए विनय गर्ग ने बताया कि जीएसटीआर-4 अपलोड करने के बाद ओपन करते हैं तो व्यू में परचेज शो नहीं हो रही है। इससे यह पता ही नहीं चल रहा कि रिटर्न में सही जानकारी जा रही है अथवा नहीं। इस कारण व्यापारी असमंजस में है। इस संबंध में पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करा दी है। उल्लेखनीय है कि जीएसटी में 26 हजार पंजीकृत हैं, जिसमें कंपोजीशन स्कीम में 14 हजार व्यापारी हैं।