पेयजल व्यवस्था ठीक करने की मांग
भरतपुर। निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित नदिया मोहल्ला के निकट गंगा मंदिर क्षेत्र की महिलाओं ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर जलापूर्ति सुचारू कराने की मांग की है। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 2 अप्रैल को बीईएसएल की ओर इस क्षेत्र में एक बिजली खंभा लगाया गया था, उस दौरान पेयजल लाइन टूट गई। तभी से पूरे 14 दिन हो गए लेकिन क्षेत्र के लोग पेयजल किल्लत झेल रहे हैं। पेयजल लाइन मरम्मत के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों से मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं किया गया है। ज्ञापन देने वालों में माया, शकुंतला, सुषमा, डौली, सुनीता, शशी, प्रेमवती, रेखा आदि एक दर्जन से अधिक महिलाएं शामिल रहीं।