फिर 5 दिन बाद बारिश, विज्ञानी बोले: अभी 20 अप्रैल तक ऐसा ही रहेगा मौसम
भरतपुर | जिले में फिर 5 दिन बाद सोमवार शाम 8.15 बजे बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली कड़की और हल्की बारिश हुई। मौसम को बिगड़ता देख न केवल किसान, डिस्कॉम एवं बीईएसएल अधिकारियों सहित आमजन के दिलों की धड़कनें तेज हो गईं। गनीमत यह रही कि मौसम के बदलाव का नजारा महज आधा घंटे में ही थम गया। इससे 5 दिन पूर्व 11 अप्रैल को आए तेज अंधड़ और 6 अप्रैल को आई तेज बारिश से हुई तबाही से लोग अपने आप को संभाल नहीं पाए हैं। वहीं किसान की बारिश से भीगी फसल अभी तक पूरी तरह सूख नहीं पाई है। इधर सोमवार को मौसम के करवट बदलने से लोगाें में बेचैनी से होने लगी है। मौसम के पलटते हीं शहर सहित कस्बाई क्षेत्र के बाजारों में भगदड़ सी मच गई और दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर घरों को चले गए। जिससे कुछ पल में ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लेकिन वहीं मौसम विज्ञानियों ने आशंका जताई है कि 20 अप्रैल तक मौसम इसी तरह हल्की बूंदाबांदी वाला रहेगा। बादल भी गर्जना करेंगे और बिजली भी चमकेगी।
भरतपुर. मुख्य सड़क पर जमा पानी।
40 मिनट तक पूरा जिला अंधकार में डूबा
सोमवार शाम जैसे ही मौसम ने करवट बदली डिस्कॉम और बीईएसल ने एहतियात के तौर पर जिला के ग्रामीण क्षेत्र एवं शहर की बिजली आपूर्ति को ठप कर दिया। रात्रि 8.25 बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति को 9.05 बजे मौसम के ठीक होने के बाद ही सुचारू किया गया।
एक नजर पिछले 10 दिन के तापमान पर
दिनांक : अधिकतम : न्यूनतम
08 अप्रैल 32.2 19.6
09 अप्रैल 36.7 22.2
10 अप्रैल 30.8 23.2
11 अप्रैल 35.0 21.0
12 अप्रैल 35.5 23.5
13 अप्रैल 25.5 19.0
14 अप्रैल 35.0 20.5
15 अप्रैल 37.0 21.0
16 अप्रैल 40.0 25.5
मौसम विभाग के अनुसार आंकड़े
फिर 40 डिग्री हुआ अधिकतम तापमान
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान फिर 40 डिग्री पर पहुंच गया। यह रविवार से 2 डिग्री अधिक आंका गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.7 डिग्री बढ़कर साेमवार को 25.5 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि हवा की गति 3 किलोमीटर प्रतिघंटा ही रहीं, जबकि आर्द्रता 64 प्रतिशत रही।