पितरों को स्नान कराने सोरोंजी गए 3 छात्र गंगा में डूबे, एक को बचाया
देवताओं को गंगा स्नान करने भरतपुर के गांव नगला सीकम चिकसाना से एक ही परिवार के करीब 40 लोग कासगंज जिले में सोरोंजी घाट गए थे। जहां मंगलवार सुबह गंगा स्नान करते समय 4 श्रद्धालु डूब गए, जिनमें एक जने को बचा लिया और 3 जनों की डूबने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5.30 बजे गंगा के घाट की है। जहां नगला सीकम चिकसाना से गए श्रद्धालु 16 वर्षीय सुमित पुत्र राजेश, 19 वर्षीय अनिल पुत्र किशन सिंह और उनके भुआ का लड़का मिडाखुर किरावली जिला आगरा यूपी निवासी 22 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र बंगाली तथा नगला सीकम निवासी 17 वर्षीय अमित पुत्र किशन सिंह गंगा स्नान कर रहे थे। बाकी अन्य लोग पहले ही स्नान कर चुके थे। तभी स्नान करते करते चारों लड़के गहरे पानी में पैर चले जाने से डूब गए। उन्होंने बचने के लिए काफी हाथ-पैर मारे और चीख-पुकार मचाई। वहीं तभी एक व्यक्ति ने अमित को पानी में से निकालकर बचा लिया। इस दौरान सुमित, अनिल और शैलेंद्र की गंगा में डूबने से मौत हो गई। जिन्हें बाद में सुबह करीब 7.30 बजे पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में परिजनों से 10 हजार रुपए गोताखोरों को दिलवाकर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कराकर शव परिजनों को सौंप दिए, जिन्हें शाम को भरतपुर लाया गया। रिश्तेदार दीवान सिंह ने बताया कि इनमें अनिल व सुमित का अंतिम संस्कार गांव नगला सीकम में किया गया, जबकि शैलेंद्र का मिडाखुर किरावली में शव ले जाकर किया गया। अनिल के चाचा या कहें मौसी का लड़का सुमित था। इनका शैलेंद्र भुआ का लड़का था। इन तीनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि अनिल का छोटा भाई अमित को बचा लिया गया।
सुमित अनिल शैलेन्द्र
जेसीबी से कर रखा था गंगा में गड्ढा, इसलिए डूबे
गंगा से जीवित निकाले गए अमित का कहना है कि हम सोमवार शाम को सोरोंजी गए थे। मंगलवार सुबह सबसे पहले हमारे बुजुर्ग व अन्य लोगों ने गंगा स्नान किया था और हम चारों उनके कपड़ों की रखवाली कर रहे थे। जब वह स्नान करके आ गए और पूजा करने लगे तब हम स्नान करने गंगा में गए। हम ज्यादा अंदर भी गंगा में नहीं घुसे थे और वहां पानी भी कम था। लेकिन जेसीबी ने गंगा में गड्ढा कर रखा था, जिसका पता नहीं होने से वह डूबते चले गए। पहले सुमित डूब गया, जिसका हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की तो मैं डूबा गया और फिर अनिल व शैलेंद्र भी एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में गहरे में चले गए। तभी किसी ने मुझे पकड़ लिया और बाहर निकाल लिया, बाकी तीनों डूब गए।