रेलवे स्टेशन पर अब बंद होगा पार्किंग का ठेका
भास्कर संवाददाता | भरतपुर
रेलवे स्टेशन पर पार्किंग ठेका की अवधि 27 अप्रैल 2017 को खत्म होने के बाद दो तरह की पर्ची लगाने का मामला भास्कर में खुलासा होने के बाद रेलवे ने ठेका को हटाने का निर्णय लिया है। रेलवे अब ऑन रिस्क पर नि:शुल्क पार्किंग शुरू करेगा, यानि वाहनों की सुरक्षा व पर्ची के लिए कोई व्यक्ति नहीं होगा। ये पार्किंग आमजन के लिए ऑपन हो जाएगी।
रेलवे ने पार्किंग अवधि समाप्त होने के बाद ई-टैंडर 26 मार्च को जारी किया था। इसकी अंतिम तिथि 2 मई थी, लेकिन किसी ने टैंडर ही नहीं भरे। इससे ठेका नहीं हो सका। ठेकेदार ने भी जीएसटी सहित लाइसेंस फीस देना जनवरी माह से बंद कर दिया और उसने दो तरह की अनाधिकृत ठेकेदार व रेलवे के निर्धारित दर वाली पार्किंग की रसीद यात्रियों को देना शुरू कर दिया। ये मामला भास्कर ने 15 मई के अंक में ‘रेलवे के अफसर ही चलवा रहे हैं स्टेशन पर गैर कानूनी पार्किंग ठेका’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। ऐसी स्थिति में रेलवे ने ठेकेदार का ठेका बंद करके ऑन रिस्क पर नि:शुल्क पार्किंग चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आरपीएफ थाना को निर्देश दिए गए हैं। इधर ठेकेदार देवेंद्र का कहना है कि 20 मई के बाद ठेका नहीं चलाना चाहता हूं, उसके बाद 10 दिन में 31 मई तक पार्किंग खाली हो जाएगी। एक जून के बाद कुछ भी हो, मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।