तिल्दा रेलवे स्टेशन में खुली आरपीएफ की चौकी, एसआई समेत 7 की तैनाती
भाटापारा| आरपीएफ पोस्ट क्षेत्र करीब 100 किमी का है। इसमें उरकुरा से लेकर दाधापारा तक इलाका आता है। अभी दो महीने पहले तिल्दा रेलवे स्टेशन में आरपीएफ की चौकी खोली गई है, जिसका कार्य क्षेत्र तिल्दा से उरकुरा तक रहेगा। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सुनीता मिंज का कहना है कि भाटापारा रेलवे स्टेशन के बाद यात्रियों एवं रेलवे साइडिंग क्षेत्र होने के कारण तिल्दा में चौकी खोली गई है। वर्तमान में एक सब इंसपेक्टर सहित सात लोगों की तैनाती की गई है। भाटापारा आरपीएफ पोस्ट में पोस्ट प्रभारी सहित 55 लोग तैनात हैं। इनके द्वारा ट्रेनों की सुरक्षा, प्लेटफार्म सहित अन्य स्टेशनों पर भी निरंतर पेट्रोलिंग की जाती है। इसमें रात की सुरक्षा प्रमुख है।
पलारी में सुबह-सुबह बदला मौसम, बूंदाबांदी से लोगों को मिली राहत
पलारी| नगर सहित अंचल में सुबह-सुबह अचानक मौसम बदला और हवा के साथ करीब 5 मिनट तक हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण सड़कों पर उड़ने वाली धूल से कुछ समय के लिए निजात मिली। पलारी, रसौटा, कोसमंदी, बिनोरी, दतान, कुकदा, घोटिया पहंदा, अमेरा आदि गांवों में भी मौसम बदलने से लोगों को कुछ समय तक गर्मी से राहत मिली है।
मानसगान, 30 मंडलियों ने प्रस्तुति दी
सुरसाबांधा| ग्राम बरोण्डा में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय रामचरित मानस सम्मेलन गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 30 ख्याति प्राप्त मंडलियों ने प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की थी। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्याम नगर उप सरपंच प्रकाश साहू, पूर्व जपं अध्यक्ष लोकेश पाण्डेय, विशेष अतिथि सरपंच सविता ध्रुव, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष गोविंद साहू थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव भरत निर्मलकर, फलेश्वर यादव, डोमार ध्रुव, पंच थनवार, अर्जुन भगत, लक्ष्मण निषाद, जीवन निषाद, नरेश जांगड़े, नारायण जांगड़े, गैंदराम निषाद आदि का योगदान रहा। मंच संचालन शत्रुहन निषाद, शिक्षक रामदयाल साहू, गणेश चक्रधारी और बेद कुमार यादव ने किया।