भट्टू में 4 दिन हैफेड और 2 दिन खाद्य आपूर्ति विभाग करेगा गेहूं की खरीद
भट्टूमंडी की अनाजमंडी में शुक्रवार को गेहूं की सरकारी खरीद विधिवत रूप से शुरू हो गई। मार्केट कमेटी चेयरमैन अनिल गोरछिया ने शुभारंभ किया। शुक्रवार को खरीद हैफेड एजेंसी ने की। मार्केटिंग सोसायटी के प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने बताया कि 4 दिन हैफेड व 2 दिन खाद्य आपूर्ति विभाग गेहूं की खरीद करेगा।
हैफेड सोमवार, मंगलवार, गुरुवार व शुक्रवार तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बुधवार व शनिवार को गेहूं खरीद का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि इस बार गांव ढांड में भी गेहूं खरीद केंद्र बनाया गया है। वहां भी सोमवार से खरीद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मार्केट कमेटी सचिव दिलावर सिंह बेनीवाल, व्यापार मंडल प्रधान हुन्ना मल सिंगला, रमेश कुमार गोदारा, सुल्तान सिंह, पूर्व प्रधान संजय सिंगला, महेंद्र गर्ग, केडी बंसल, वेद गोदारा, कामरेड विष्णु दत्त शर्मा, विजय सिंह, सतबीर गोदारा, मोतीराम, रघुबीर उपस्थित थे।
अनाजमंडी में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करते चेयरमैन व हैफेड के कर्मचारी।
भूना में भी गेहूं खरीद शुरू
भूना | अनाज मंडी भूना में गेहूं खरीद का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसमें एफसीआई के अधिकारी महेंद्र सिंह ने गेहूं की खरीद शुरू करके अनाज मंडी में आरंभ किया। अध्यक्षता मार्केट कमेटी के चेयरमैन आत्म राम भांभू ने की। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान कै लाश बंसल, पूर्व प्रधान नंद लाल कंबोज, फकीर चंद मित्तल, लीला कृष्ण गर्ग, राकेश सिंगला, सुरेंद्र खिचड़ ढाणी गोपाल, जय लाल जांडली, महाबीर सिंह नाढ़ोडी, किशोर कुमार, लीलू राम शर्मा, बादल सिंह, सहदेव जाखड़ सहित अन्य मौजूद रहे।
पहले दिन 27000 क्विंटल गेहूं की खरीद
रतिया | गेहूं की फसल के सीजन के दौरान रतिया अनाज मंडी में खरीद एजेंसी द्वारा पहले ही दिन किसानों की लगभग 27 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। मार्केट कमेटी के सचिव वीरेंद्र मेहता ने बताया कि पहले दिन खरीद एजेंसी हैफड द्वारा यह गेहूं की खरीद की गई है आगे भी अन्य एजेंसी द्वारा गेहूं की निरंतर खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्कीट कमेटी द्वारा किसानों की समस्याओं को देखते हुए कमेटी के गेट पर चौकीदारों की नियुक्ति की जाएगी।