नगर पालिका क्षेत्र में टेंडर नहीं होने से करीब एक साल से 4.18 करोड़ रुपए के सड़क आदि के निर्माण कार्य अटके हुए हैं। इसके हाल ही चौथी बार टेंडर लिए गए, जिसमें इनकी प्राथमिक तकनीकी निविदा खोली गई तो इसमें दो ठेकेदारों ने भाग लिया था।
दोनों की निविदा पास हो गई। अब इनकी मंजूरी होकर इनकी कार्य रेट संबंधी फाइनेंशियल निविदा खोली जाएगी। राज्य सरकार ने वित्त आयोग की मदों के पैसे का उपयोग करते हुए भवानीमंडी नगर पालिका के लिए 4.18 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य मंजूर किए थे। जिनके टेंडर मेें काफी कड़ी शर्तें डाल देने से वे पहली बार में नहीं हो सके थे। दूसरी बार में फिर समूह बनाकर टेंडर किए गए तो भी नहीं हो सके।
तीसरी बार में नगर पालिका स्तर पर टेंडर बुलाए गए तो भी नहीं हो सके। अब चौथी बार में हाल ही टेंडर बुलाए गए थे। जेईएन धर्मराज गुर्जर ने गुरुवार को बताया कि दो टेंडर प्राप्त हुए। दोनों की तकनीकी निविदा भी पास हो गई है। अब इसे मंजूर करवाकर इनकी फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। उम्मीद है कि वह मंजूर हो जाएगी। अगर ये मंजूर हो गए तो भवानीमंडी में निर्माण कार्य होने का रास्ता साफ हो जाएगा। इन निर्माण कार्य की राशि नगर पालिका को राज्य सरकार से मिलने वाली वित्त आयोग की मद में से काटी जाएगी। 4.18 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य में भवानीमंडी शहर में आवश्यकता अनुसार सड़क,नाली व अन्य कार्य करवाए जा सकेंगे। जबकि एक अन्य टेंडर 1.75 करोड़ रुपए का लगाया गया है। इसमें सभी संबंधित वार्डों में नाले-नाली फर्शी पटान का कार्य करवाया जाएगा।
पालिका जेईएन धर्मराज गुर्जर ने बताया कि 4.18 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य के दो टेंडर आए हैं। दोनोें की तकनीकी निविदा पास हो गई है। 90 प्रतिशत उम्मीद है कि इनकी फाइनेंशियल बिड भी पास हो जाएगी।