बड़ पूजनी अमावस्या पर महिलाओं ने पानी बचाने का दिया संदेश
शहर में बड़पूजनी अमावस्या मनाई गई। इस अवसर पर महिलाओं ने पानी बचाने का संदेश दिया और पूजा के साथ ही पेड़ पर पानी बचाने का संदेश देते हुए स्टीकर लगाए। ज्योति नगर के श्रीराममंदिर में महिलाओं ने पूजा के दौरान ही पानी बचाने का संदेश दे डाला। यह लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर हेमलता आचार्य, प्रेरणा गौतम,पूजा शर्मा, प्रतिभा श्रृंगी, कौशल्या श्रृंगी, शकुंतला शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
भिलवाड़ी. बड़पूजनी अमावस्या पर कस्बे में महिलाओं ने बड़ की पूजा कर परिवार की सुख-शांति की कामना की। ब्राह्मण मोहल्ले में स्थित बड़ के पेड़ की पूजा करने पहुंची महिला बरखा गुप्ता, मधु गुप्ता, जनक दुलारी शर्मा ने बताया की वट सावित्री की पूजा सावित्री ने अपने मृत पति को दोबारा पाने के लिए की थी। इससे उनको पुन:जीवन का वरदान मिला था।
धूमधाम से मनाई केवट जयंती
भास्कर न्यूज | मनोहरथाना
कस्बे में मेवाड़ा कहार समाज ने मंगलवार को केवट जयंती धूमधाम से मनाई। रामप्रसाद व गुलाब चंद मेवाड़ा ने बताया कि मंगलवार को किला मोहल्ला हनुमान मंदिर पर लोगों को एकत्रित किया गया। यहां से समाज द्वारा झांकी के साथ केवट की शोभायात्रा निकाली। इस मौके पर पुरुष डीजे की धार्मिक धुनों पर व महिलाएं व बालिकाएं शोभायात्रा में सिर पर कलश लेकर चल रही थी। शोभायात्रा में समाज के मंदिर पर महाआरती का आयोजन हुआ। शोभायात्रा का बजरंग दल व लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
झालावाड़. मंगलवार को बड़ अमावस्या के उपलक्ष्य में पूजा करती महिलाएं।
शनि जयंती पर मंदिर में पूजा अर्चना हुई
भवानीमंडी. बांडिया बाग के पास शनि मंदिर में मंगलवार को शनि जयंती उल्लास पूर्वक मनाई गई। सुबह अभिषेक व अन्य कार्यक्रम के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
चौमहला. शनि मंदिर में नवग्रह नूतन प्राण-प्रतिष्ठा एवं पंच कुंडात्मक महायज्ञ मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। शनि मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हुए। मंगलवार को महाआरती व भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी मुकेश शर्मा ने बताया कि नवग्रह नूतन प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पंच कुंडात्मक महायज्ञ कार्यक्रम के तहत शनि भगवान की विशेष पूजा, तेलाभिषेक, महायज्ञ सहित कई धार्मिक अनुष्ठान हुए। इस अवसर पर शनि देव की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मदन लाल वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौतम जैन, प्रधान प्रतिनिधि डूंगरसिंह परमार, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष भगवान सिंह, अशोक भंडारी, पूर्व वार्ड पंच बगदीराम गायरी,अशोक गायरी,प्रवीण गुप्ता मौजूद रहे।
ध्वजा महोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया
डग. वार्षिक ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेते जैन समाज के लोग।
भास्कर न्यूज | डग
नागेश्वर तीर्थ के समीप दुधालिया में ध्वजा महोत्सव कार्यक्रम उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मूलनायक ध्वजा लाभार्थी भाविन भाई गांधी, विनीत भाई मेहता परिवार सहित सम्मिलित हुए। विधिकारक पंकज भाई झारड़ा द्वारा सत्तरभेदी पूजन विधि पूर्वक करवाई गई। इस पूजन के लाभार्थी मनसुखलाल जेठालाल शाह परिवार मुम्बई रहे। प्रमोद बाफना ने बताया कि यह जिनालय की सातवीं वर्षगांठ में नवकारसी का लाभ मदन लाल, घीसालाल, सुवांसरा वालों ने लिया। इसके बाद संघ के प्रकाश पिछोलिया, शांतिलाल, बसंतीलाल, सुजानमल ,गिरिराज चोरडिया, सुरेश चन्द बाफना, इंदरमल, रमेश कटारिया ने शाॅल श्रीफल भेंट कर लाभार्थी परिवार का बहुमान किया।
किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन जरूरी: मीना दीदी
भास्कर न्यूज | झालावाड़
किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में अनुशासन जरूरी है। बातचीत के दौरान हमारे शब्दों में मधुरता और नम्रता हो। भले ही हम पढ़ाई में कैसे भी हो, लेकिन हमारा आचरण और व्यवहार श्रेष्ठ होगा तो हम सभी का दिल जीत सकते हैं।
यह बात वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी मीना दीदी ने प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा ज्ञानोदय भवन में आयोजित समर कैंप के तीसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का महत्व पर विषय पर कहीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण गोल्डन समय है। सच्चे अर्थों में व्यक्तित्व का निर्माण इसी अवधि में होता है। जीवन को दिशा देने का काम इसी दौरान किया जाता है। हम जैसा बनना चाहे वैसा अपने को बना सकते हैं। इसीलिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का बड़ा महत्व है।
उन्होंने आत्म विश्वास बढ़ाने के लिए बच्चों को कमेन्ट्री के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। साथ ही रोज इसी तरह से मेडिटेशन करने के लिए प्रेरित किया ।ओमप्रकाश नामा, ललित पहाड़िया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।