गेहूं की खरीद न होने पर किसानों ने सुनाम-पटियाला रोड किया जाम
भवानीगढ़ में सुुनाम-पटियाला मुख्य मार्ग पर धरना देते हुए किसान।
तहसीलदार व डीएसपी के आश्वासन पर धरना समाप्त
भास्कर संवाददाता| भवानीगढ़
घराचों अनाज मंडी में गेहूं की खरीद शुरू न होने से किसानों ने सुनाम पटियाला रोड पर धरना दे यातायात ठप किया। डीएसपी (संगरूर) और तहसीलदार (भवानीगढ़) ने मौके पर पहुंच किसानों को शांत किया। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खरीद शुरू न हुई तो वह मुख्य मार्ग पर पक्का मोर्चा लगाएंगे।
भाकियू (एकता उगराहां) के नेता जगतार सिंह कालाझाड़, मनजीत सिंह घराचों ने कहा कि अनाज मंडियों में किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार मंडियों में 24 घंटे में खरीद करने के लाख दावे कर रही है, परंतु अभी तक अनाज मंडी में सिर्फ एफसीआई की एजेंसी द्वारा ही खरीद की गई है। मौसम विभाग ने 16 व 17 अप्रैल को मौसम खराब होने की भविष्यवाणी की है। सरकार को चाहिए कि वह मंडी में तुरंत खरीद शुरू करवाए। इस मौके पर अजैब सिंह, दरबारा सिंह, भीम सिंह, सुखदेव घराचों, रघुवीर सिंह, मेजर सिंह, जरनैल सिंह आदि उपस्थित थे। तहसीलदार मनजीत सिंह व डीएसपी संदीप बडेरा ने किसानों को विश्वास दिलवाया की उनकी डीसी से मुलाकात करवाई जाएगी ताकि खरीद जल्द शुरू हो सके। जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। एफसीआई के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि अब तक 1650 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। (लखविंदर गर्ग)
गेहूं की बोली नहीं होने पर किसानों ने की रोष रैली
लौंगोवाल| दो दिनों से गेहूं की बोली न होने से गुस्साए किसानों ने किसान मोर्चा की अगुवाई में रोष रैली की। किसानों के रोष को देखते हुए मंडी में गेहूं की बोली शुरू करवाई गई। किसान मोर्चा के जिला कनवीनर भुपिंदर सिंह लौंगोवाल ने कहा कि सरकार की ओर से खरीद के समय किसानों को परेशानी न आने के दावे किए जा रहे हैं परंतु अभी तक सरकारी खरीद सुस्त है। इस मौके पर बलवीर सिंह, लखविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, रूप सिंह, गुरचरन सिंह, बिंदर सिंह आदि उपस्थित थे।