भवनाथपुर मुख्य पथ स्थित हाई स्कूल के पास सुनील चंद्रवंशी के होटल में हरिहरपुर ओपी के एएसआई विजय मिश्रा द्वारा होटल संचालक के 12 वर्षीय पुत्र के साथ दबंगई दिखाते हुए नाश्ता का पैसा नहीं देने एवं अपशब्द कहने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के संबंध में सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि वह चाय एवं स्नेक्स बेचकर गुजर बसर करता है। दुकान में रविवार के दोपहर में टेंपो से हरिहरपुर ओपी के पुलिस वर्दी में एएसआई आए एवं इलायची मारकर कड़क चाय बनाने का आर्डर देते हुए लड्डू एवं नमकीन खाया। चाय नाश्ता खाने के बाद जब होटल संचालक के पुत्र ने पुलिस वाले से पैसे की मांग की तो उक्त पुलिसकर्मी ने नाबालिग को मारने पीटने की धमकी देते हुए अभद्रतापूर्ण अपशब्द कहें। जिससे डरा सहमा बालक उक्त पुलिसकर्मी के जाने के बाद लोगों के समक्ष फफक-फफक कर रोते हुए अपनी पीड़ा बताई।
इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा उक्त पुलिस की काफी खोजबीन की गई। लेकिन तब तक वह भवनाथपुर से जा चुके थे। पूछताछ के क्रम में पता चला कि उक्त पुलिसकर्मी हरिहरपुर थाना के एएसआई विजय मिश्रा हैं। इस संबंध में हरिहरपुर ओपी प्रभारी चौरसिया ने उक्त घटनाक्रम से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए बताया कि विजय मिश्रा को विभागीय कार्य से बंशीधर नगर भेजा गया था। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा नाबालिग के साथ अभद्र व्यवहार एवं नाश्ता का पैसा न देना अशोभनीय है। उन्होंने उक्त पदाधिकारी से पूछताछ करने की बात कही।