नगर के स्थानीय शासकीय उत्कृष्ट उमावि सेंवढ़ा में शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने विभागीय परिवेदना शिविर का 10 बजे से आयोजित किया गया। शिविर के दौरान सेंवढ़ा ब्लाॅक के 10 संकुल से प्राचार्य एवं स्थापना शाखा लिपिक मौजूद थे। इस दौरान शिक्षकों द्वारा सर्वाधिक शिकायत क्रमोन्नति से संबंधित की गई। खासबात यह रही कि कुल 79 शिकायत में से 25 उत्कृष्ट उमावि से ही आईंं। जबकि ररुआराय एवं जुझारपुर संकुल से केवल एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।
शासन द्वारा शिक्षकों की व्यक्तिगत समस्या निदान के लिए पहली बार परिवेदना शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें खंड स्तरीय अधिकारियों के अलावा संकुल केंद्र प्राचार्य बुलाए गए। साथ ही ब्लॉक के सभी शिक्षकों को उनकी शिकायत के साथ बुलाया गया। शिविर में औपचारिक शुरुआत बीईओ उन्मेश श्रीवास्तव, बीआरसी प्रमोद शर्मा एवं उत्कृष्ट उमावि के प्राचार्य केआर यादव द्वारा संकुल बार स्थापित टेबल का निरीक्षण कर की गई। शिक्षकों द्वारा तृतीय क्रमोन्नति की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही अध्यापक संवर्ग के शिक्षकों द्वारा द्वितीय क्रमोन्नति तथा एरियर के भुगतान की मांग की गई। शाम 5 बजे तक चले शिविर में कुल 79 शिकायत आई। इसमें शासकीय उत्कृष्ट उमावि सेंवढ़ा से 25 शिक्षकों ने समस्याओं को दर्ज करवाया। थरेट संकुल से 15, कन्या सेंवढ़ा से 11, भगुवापुरा से 10, बालक इंदरगढ़ से 3, कन्या उमावि इंदरगढ़ से 3, उचाड़ से 2, बीआरसी कार्यालय से 2 तथा ररुआराय, जुझारपुर संकुल से एक-एक आवेदन आया। इस मौके पर प्राचार्य अशोक जारोलिया, एसके गुप्ता, अनिल दुबे, ओमप्रकाश दीक्षित, शीला छारी, रामदत्त त्रिवेदी एवं चंद्रशेखर दुबे मौजूद थे।
शिविर
परिवेदना शिविर में आए 79 आवेदन, सर्वाधिक आवेदन उत्कृष्ट उमावि सेंवढ़ा संकुल से
शिविर में आवेदन लेकर पहुंचे शिक्षक।
सभी शिकायतों का 24 तक होगा निराकरण
शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का निराकरण आगामी 24 मई तक करना होगा। संकुल स्तर की समस्याओं का निदान कर शिक्षक को सूचना दी जाएगी। जो समस्या जिला व राज्य स्तर की है उनके निदान के लिए प्रकरण संबंधित अधिकारी को भेजे जाएंगे। अधिकतर समस्या क्रमोन्नति को लेकर आई और इनका निदान राज्य स्तर से होना है।