हाईटेंशन लाइन से टैंकर में आग लगी, पांच किमी दूर तक दिखा धुआं, चाय पीने गया था चालक, बची जान
सेंवढ़ा |यह तस्वीर भगुवापुरा बस स्टैंड की है। डबरा के लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाला बल्लू पुत्र सत्तार खान शुक्रवार को सुबह 10 बजे मालनपुर से दूध का टैंकर क्रमांक एमपी 07 एचबी 2522 लेकर थरेट जा रहा था। उसने खाली टैंकर को भगुवापुरा बस स्टैंड पर आढ़तिया फर्म के सामने हाईटेंशन लाइन के नीचे रख दिया और बस स्टैंड की एक दुकान पर चाय पीने लगा। वह चाय की चुस्की ले रहा था तभी दूध के टैंकर से हाईटेंशन लाइन के तार हवा चलने के कारण टकरा गए। अचानक टैंकर के टायरों के फटने की आवाज सुनाई देने लगी अौर आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि पांच किमी दूर तक धुआं देखा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से टैंकर में लगी आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि ड्राइवर टैंकर में नहीं था इसलिए उसकी जान बच गई।