4 माह बाद भी नहीं पकड़े गए चोरी के मुख्य आरोपी
परसोंदा बामन में हुई थी 25 लाख की चोरी फरियादी ने सीएम को भेजी शिकायत
भास्कर संवाददाता | सेंवढ़ा
26 नवबंर की दरमियानी रात अनुभाग के भगुवापुरा थाना क्षेत्र के तहत ग्राम परसोंदा बामन निवासी सुनील श्रीवास्तव के घर से 25 लाख के जेवर और नगदी की चोरी हुई। चोरी होने की शिकायत फरियादी ने थाने में की। मामले में 18 दिसंबर को पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा साथ ही कुछ जेवर भी बरामद किए। इस दौरान दो मुख्य आरोपी जो कि नट जाति के थे पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। चार माह के लंबे समय के बाद भी दोनों आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। चोरी ट्रेस होने से खुश होकर जिस परिवार ने पुलिस का सम्मान किया अब उसी परिवार के लोगों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेज कर मामले में पुलिस द्वारा उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। साथ ही दोनों आरोपियों को पकड़ने एवं माल बरामद करने की मांग की है।
परसोंदा बामन निवासी सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि घटना में हुई चोरी के बाद पुलिस ने जिस माल की बरामदगी दिखा कर चार लोगों को गिरफ्तार किया था। वह चोरी गए माल का अंश मात्र है। इसकी वजह है कि चोरी का अधिकतर माल मुख्य आरोपी हजरत नट निवासी बरहा एवं खट्टू नट निवासी नौनेटा गांव के पास है। इसकी पुष्टि पकड़े गए एक आरोपी बुद्धे काछी ने की थी। पुलिस को मिली सफलता के बाद वह पुलिस सक्रियता से उत्साहित हुए। उनके द्वारा पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों का सम्मान किया, लेकिन सम्मान समारोह के बाद पुलिस ने इस मामले में उदासीनता बरतना प्रारंभ कर दी। पुलिस की उदासीनता से घटना के मुख्य और शातिर आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आवेदन में बताया गया कि अज्ञात चोरी के बावजूद 20 दिन में पुलिस ने चोरी को ट्रेस कर लिया था। वहीं ज्ञात आरोपियों को 3 माह बाद भी नहीं पकड़ा जा सका है। इससे स्थानीय पुलिस अधिकारियों की संलिप्तता भी संभावित है। श्रीवास्तव ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनसे माल बरामद करने का आव्हान किया है।