2 घंटे इंतजार के बाद मिली बसें, 32 सीटर में 60 यात्री
350 बसों के अधिग्रहण से विवाह सीजन में परेशानी हुई, 25 फीसदी बसें ही चलीं
भास्कर संवाददाता | खरगोन
भीकनगांव में असंगठित मजदूर कल्याण योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के लिए बसों के अधिग्रहण से खरगोन में मंगलवार को वैवाहिक सीजन में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड पर यात्रियों ने बसों के लिए दो-दो घंटे तक इंतजार किया। जब बसें मिली तो 32 सीटर बसों में 60 यात्रियों को बैठाया गया। खरगोन के बस स्टैंड से विभिन्न रूटों में चलने वाली 400 बसें हैं। यहां से रोजाना 16 हजार यात्री सफर करते हैं। बड़वानी जा रहे महेश वर्मा ने कहा कि मैं स्टैंड पर दो घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं। भीड़ के कारण बसों में बैठने के लिए जगह नहीं थी। कसरावद जा रहे मंगेश यादव ने कहा मुझे वैवाहिक कार्यक्रम में जाना था लेकिन यहां पर बस नहीं होने से स्टैंड पर ही बैठा हूं।
आरटीओ एचएल सिमरिया ने बताया नियमानुसार बसों का अधिग्रहण किया था। कार्यक्रम के बाद संचालकों को सौंप भी दी।