इधर, आयुर्वेद डॉक्टरों ने इमरजेंसी में एलोपैथी से इलाज की मांगी अनुमति
सीएम को पत्र भेजा, 250 से ज्यादा होम्योपैथी, आयुर्वेद व युनानी डॉक्टर हैं
भास्कर संवाददाता | खरगोन
आयुष (होम्योपैथी, आयुर्वेद व युनानी) पद्धति के चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से इमरजेंसी में एलोपैथी से इलाज करने की अनुमति को लेकर ज्ञापन सौंपा है। मंगलवार को भीकनगांव आए सीएम से आयुष डॉक्टरों का एक प्रतिनिधि मंडल मिला।
डॉक्टर बालाराम गुप्ता ने कहा प्रदेश में 55 हजार आयुष चिकित्सक कार्यरत हैं। कई बार मरीज की जान बचाने के लिए हमें इमरजेंसी जीवन रक्षक मॉर्डन दवाइयों का उपयोग करना होता है लेकिन अनुमति नहीं होेने के कारण हम इसका उपयोग नहीं करते हैं। इससे गांवों के कई मरीज जान भी गवां देते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों पर इमरजेंसी में दवाइयां उपयोग करने का फैसला छोड़ दिया है। महाराष्ट्र और बंगाल की सरकारों ने इसे लागू किया है। मध्यप्रदेश में भी इसे लागू किया जाए। खरगोन जिले में आयुष के 250 से ज्यादा डॉक्टर काम कर रहे हैं। इस दौरान अध्यक्ष आइडियल क्योर एसोसिएशन सचिव आशीष सोनी, डॉ. एस रघुवंशी, डॉ. सोहन सोनी, डॉ. यशवंत शरद, डॉ. संतोष यादव आदि उपस्थित थे।