फोटोग्राफर, कारपेंटर ने सिखाई व्यवसाय के बारीकियां
भास्कर संवाददाता | भीकनगांव
देवित बुजुर्ग में युवा विद्यार्थियों के लिए “बुनियादी शिक्षा, आज की आवश्यकता’ विषय पर स्वरोजगार मार्गदर्शन शिविर का आयोजन हुआ। इसमें कक्षा 9 से कॉलेज स्तर तक पढ़ाई पूरी कर चुके या पढ़ाई छोड़ चुके 80 युवाओं ने भाग लिया। इन्हें टेलर, फोटोग्राफर, कारपेंटर आदि ने व्यवसायिक अनुभव सुनाकर जीवन में कुछ करने का संकल्प दिलाया।
सिलाई क्षेत्र में 51 साल की सेवा के अच्छे-बुरे दौर को याद कर पूनमचंद प्रजापत ने इस क्षेत्र की बारीकियों व चुनौतियों से अवगत कराया। 7वीं अनुत्तीर्ण वेल्डिंग वर्कशॉप संचालक गणेश ठाकुर ने मजदूरी से कारखाने के मालिक बनने तक का सफर साझा किया। फोटोग्राफर शक्ति धनगर ने फ़ोटो स्टूडियो से लेकर फ़िल्म पैडमेन के शॉट फिल्मांकन तक के अनुभव बताए। उन्होंने कहा फ़ोटोग्राफ़ी क्षेत्र में महिला छायाकारों की जबरदस्त मांग है। प्रवीण माहेश्वरी ने बताया कैसे उन्होंने पान की गुमठी से लेकर फोटोकॉपी को व्यवसाय की शक्ल दी। रूपेश लाड़ ने प्रिंटिंग व्यवसाय की लागत व कमाई पर युवाओं को जानकारियां दी। बीमा अभिकर्ता राकेश कुमार सोहनी ने बताया यह क्षेत्र उपकरणों से नहीं व्यवहार से चलता हैं। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णपालसिंह राठौड़ ने युवाओं को विविध क्षेत्रों के जानकर बनने की सीख दी। राजेश सोहनी ने बुनियादी शिक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। आओ चलो पढ़ना सीखें नवाचार प्रमुख मुकेश राठौर, सरपंच हवसीलाल दांगोंडे, जनशिक्षक संजय चावड़ा ने अतिथियों का शॉल-श्रीफ़ल से सम्मान किया।
बुनियादी शिक्षा, आज की आवश्यकता पर देवित बुजुर्ग में सेमीनार, 80 युवाओं ने लिया भाग
व्यवसायियों ने रोजगार के अपने अनुभव सुनाए।