पद्मनाभपुर क्रिकेट क्लब द्वारा पीसीएल-2018 का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को खेले गए लीग मैच में पीसीसी वॉरियर ने पीसीसी क्लासिक को हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
दुर्ग के पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट में हुए लीग मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीसीसी वॉरियर ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। इसमें अभ्युदय सिंह ने 46 बॉल पर 56 रनों की पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्लासिक की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। वॉरियर ने यह मैच 17 रन से जीता। इसमें टीम के अभ्युदय ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है ।
दुर्ग के पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में चल रही पीसीएल-2018 में 15 साल से कम छोटे बच्चे अपनी खेल प्रतिभा का दे रहे हैं परिचय। 20-20 ओवर के मैच में लगा रहे हैं लंबे शाट्स, दिखा रहे तकनीक और लंबे समय तक पिच पर टिक रहे।
अभ्युदय का प्रदर्शन
पहला मैच- विरुद्ध स्ट्राइकर
बल्लेबाजी 41 गेंद में 38 रन
गेंदबाजी 9 रन देकर 3 विकेट
दूसरा मैच: विरुद्ध पीसीसी चार्जर
बल्लेबाजी 44 गेंद में 39 रन
गेंदबाजी 10 रन देकर 2 विकेट
तीसरा मैच:विरुद्ध पीसीसी क्लासिक
बल्लेबाजी 46 बॉल पर 56 रन
टूर्नामेंट के तीनों मैच में मैन ऑफ द मैच
पीसीसी वॉरियर के आलराउंडर खिलाड़ी अभ्युदय सिंह पूरे टूर्नामेंट में शानदार फार्म में चल रहे हैं। वॉरियर के अभ्युदय सिंह ने अब तक खेले गए तीनों मैच में मैन ऑफ द मैच रहने का नया रिकार्ड बनाया। टूर्नामेंट अंडर-14 के बीच खेला जा रहा है। वॉरियर ने तीनों मैच अभ्युदय के दम पर जीते हैं। अभ्युदय दाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और बल्लेबाज हैं।
वॉरियर के गेंदबाजों ने बनाया दबाव
पहले बल्लेबाजी करते हुए पीसीसी वॉरियर ने 125 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीसी क्लासिक की शुरुआत खराब रही। वाॅरियर के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। इसके कारण क्लासिक के खिलाड़ी रन बनाने के लिए जूझते नजर आए। एक-एक रन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्हें रन बनाने के लिए गेप और खराब गेंद का इंतजार करना पड़ा, लेकिन वॉरियर के गेंदबाजों का फिल्डर भी अच्छा साथ निभाते रहे। इसकी वजह से वॉरियर की टीम को सफलता मिली। क्लासिक की ओर से 12 साल के प्रथम जाचक ने सबसे ज्यादा 25 रन का योगदान दिया। इसके अलावा हर्षवर्धन 22 नाबाद, अर्पित 19 और अमरीश ने 10 रनों की पारी खेली। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।