अंजनी के पांच विकेट से ओपी ने किया अंतिम आठ में प्रवेश
रेलवे जोन के मैदान में चल रही है अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता।
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | भिलाई
अंजनी (3 ओवर, 3 रन, 5 विकेट) की जबरदस्त गेंदबाजी से इलेक्ट्रिक ओपी ने अंतिम आठ में प्रवेश किया। रेलवे के अंतर विभागीय डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट मंगलवार को दिन के पहले मुकाबले में इलेक्ट्रिक ओपी ने स्टोर की टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
पहले खेलते हुए स्टोर ने निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट पर 29 रन बनाए। जवाब में इलेक्ट्रिक ओपी ने 47 गेंद शेष रहते 2.1 ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अच्छी गेंदबाजी करने वाले अंजनी को मैच ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। आने वाले दिनों में स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल और सेमी फाइनल के मैच खेले जाएंगे।
स्टोर की टीम ने की निराशाजनक बल्लेबाजी
रेलवे के एनईआई मैदान में सुबह 6.30 बजे शुरू हुए मैच में टाॅस जीतकर स्टाेर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया। कोई भी बल्लेबाज पिच पर जम नहीं सका। विपक्षी इलेक्ट्रिक टीम के गेंदबाजों को अपना विकेट देते गए। इलेक्ट्रिक के अंजनी ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पांच विकेट लेकर टीम को संकट में डाल दिया। स्टाेर टीम की ओर से बाल कृष्णा ने सर्वाधिक 9 रनों की पारी खेली। संपत ने 8 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। टीम निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट पर मात्र 29 रन ही बना सकी।