शादी के रिश्ते से नाखुश शिक्षाकर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
खुद की मर्जी के बिन घरवालों के शादी करने पर शिक्षाकर्मी युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को उसके घरवाले लड़के वालों के घर उन्नाव (यूपी) के लिए निकले थे। इसी बीच दोपहर बाद युवती कमरे में फंदे पर झूल गई। इस दौरान उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। भट्टी थाना पुलिस ने बताया कि युवती रायपुर में शिक्षाकर्मी वर्ग एक में पदस्थ है। 27 अप्रैल को उसकी शादी होने वाली थी। जानकारी के मुताबिक युवती अपने घरवालों के रिश्ते से खुश नहीं थी। इसके चलते मंगलवार को उसके परिजनों के उन्नाव जाने के बाद लड़की ने अपने होने वाले पति को फोन कर शादी से खुश न होने की जानकारी दी।