दुर्ग का खराब प्रदर्शन जारी पहले दिन हुए 95 रन पर ढेर
इधर दुर्ग जिले की टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। अंतिम लीग मैच में भी दुर्ग की बल्लेबाजी खराब रही। बीसीए के खिलाफ दुर्ग की टीम मात्र 29.4 ओवर में ही 95 रनों पर ढेर हो गई। यह दूसरा मौका था जब दुर्ग की टीम लगातार 100 रन भी पहली पारी में बना सकी। इससे पहले दुर्ग की टीम ने प्लेट कंबाइंड के खिलाफ दूसरे लीग मैच में भी 67 रनों पर सिमट गई थी।
दुर्ग की टीम के 95 रनों के जवाब में बीसीए की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 231 रन बना कर 136 रनों की लीड हासिल कर ली है। दुर्ग के तरफ से जीवेश कुमार ने 22 ओवर में 64 रन देकर 4 विकेट हासिल किया। दुर्ग की टीम शुरुआत के दोनों ही लीग मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है और उसके प्वाइंट टेबल में भी कम अंक है। टीम अंतिम लीग मैच में भी खराब स्थिति में नजर आ रही है। दुर्ग के तरफ से विजय यादव ने 35 गेंद में 32 और तरुण कुमार ने 24 गेंद में 18 रन का योगदान दिया। दुर्ग का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सका। और पूरी टीम 95 रनों पर ढेर हो गई। दुर्ग के गेंदबाज इस समय अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। बल्लेबाजी में सुधार करना दुर्ग जिले के लिए काफी जरूरी है।
बीसीए के दो गेंदबाजों ने ही समेटा दुर्ग की पारी को
बीसीए की टीम ने गेंदबाजी करते हुए दुर्ग के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया। सिर्फ दो ही गेंदबाजों ने दुर्ग की पूरी टीम को पैवेलियन भेज दिया। सजल चंद्राकर ने 8 ओवर में 11 रन देकर पांच विकेट हासिल किया और 3 ओवर मेडन भी डाले। वहीं निखिल राय ने 8.3 ओवर में 3 ओवर मेडन डालते हुए 32 देकर पांच विकेट हासिल किया। इन दोनों ही गेंदबाजों के अलावा बीसीए का कोई गेंदबाज ने विकेट नहीं निकाला।
पांच विकेट लेने के साथ सजल ने जड़ा अर्धशतक
गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 11 रन देकर 5 विकेट हासिल करने वाले सजल चंद्राकर ने बल्लेबाजी मे जमकर हाथ जमाएं। सजल ने तेज तर्रार पारी खेलते हुए 63 गेंद में ही 64 रन बना डाले। इस पारी के दौरान सजल ने 7 चौके भी लगाए। वहीं ऋषिक राय ने भी सजल का दूसरी छोर से साथ देते हुए 122 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। सजल के अर्धशतक की बदौलत बीसीए ने दुर्ग पर पहले ही दिन 136 रनों की लीड हासिल कर ली है।