आशीष और सक्षम ने पहले दिन झटके 3 -3 विकेट, सरगुजा को 170 पर किया आॅल आउट
इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मैच में बीएसपी की टीम ने पहले दिन ठोस शुरुआत कर दी है। सरगुजा को 170 रन के स्कोर पर ऑल आउट कर पहले ही दिन बीएसपी बल्लेबाजी के लिए उतरी और सरगुजा के खिलाफ 1 विकेट खोकर 28 रन बना चुकी है। इससे पहले टॉस जीतकर सरगुजा की टीम ने बल्लेबाजी का निर्णय लिया।
लेकिन सरगुजा का यह फैसला बीएसपी के गेंदबाजों ने गलत साबित किया। बीएसपी की तरफ से आशिष पाठक सक्षम डेकाटे ने 3-3 विकेट लेकर सरगुजा की पारी को सस्ते में समेटा। वहीं अक्षत मिश्रा ने 2 और देवादित्य सिंह ने 1 विकेट हासिल किया। दिन का खेल खत्म होने तक वैभव देशमुख 25 गेंद में 18 और प्रिंस खान 21 गेंद में 4 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए है। टूर्नामेंट का यह अंतिम लीग मैच खेला जा रहा है। अंतिम लीग मैच बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड सिविक सेंटर में आयोजित किया जा रहा है।
बिलासपुर में राजनांदगांव और बिलासपुर जिला क्रिकेट के बीच खेला जा रहा अंतिम लीग मैच।
रोहित एक्का ने खेली अर्धशतकीय पारी, 154 गेंद में 66 रन बनाए
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी सरगुजा की टीम की शुरुआत खराब रही। लेकिन एक छोर से रोहित एक्का ने पारी को संभाले रखा। रोहित ने संयमित रूप से बल्लेबाजी की और 154 गेंद में 66 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान रोहित ने केवल 6 चौके का ही सहारा लिया। रोहित के अलावा टीम में कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सका। सरगुजा के अखंड प्रताप सिंह ने 33, महेन्द्र नाईक ने 25 और राहुल प्रधान ने 20 रनों का योगदान दिया।
बीएसपी एक जीत और एक हार के साथ खेल रही अपना अंतिम लीग
बीएसपी की टीम अपना अंतिम लीग मैच हर हाल में जीतना चाहेगी। टीम तीन मैचों में एक जीत और एक हार के साथ प्वाइंट टेबल में 12 अंक के साथ मौजूद है। अंतिम चार में आने के लिए बीएसपी की टीम को यह मैच जीतना जरूरी है। बीएसपी के तरफ से अंतिम लीग मैच में गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहें है। दूसरे दिन बल्लेबाजों पर टीम निर्भर रहेगी। पहले दिन गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया है। टीम अब दूसरे दिन सरगुजा से लीड के खेलेगी।
बिलासपुर ने 2 विकेट पर पहले दिन 38 रन बनाए
आॅफ स्पिनर दीपक सिंह (28.5 ओवर, 64 रन, 7 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की दम पर बिलासपुर ने राजनांदगांव को पहली पारी में 176 रनों पर ढेर कर दिया। इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मुकाबले के पहले दिन पहले खेलने उतरी राजनांदगांव की टीम 71.5 ओवर में 176 रनों पर ऑलआउट हो गई। बिलासपुर ने 16 ओवर में दो विकेट पर 38 रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का किया फैसला
टॉस जीतकर बिलासपुर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नीतेश (64 गेंद, 9 रन) और चक्सू चौधर शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद आए गौरव मिश्रा और अरिन द्विवेदी ने पारी को संभाला। गौरव (82 गेंद 48 रन) और अरिन (151 गेेंद, 36 रन) के आउट हुए। दीपक यादव (27) और हर्ष साहू ने 17 रनों की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 176 रनों तक पहुंचाया।