सभाओं से सीटों को साधेंगे राहुल, सीधे संवाद भी करेंगे; जोगी कांग्रेस का फोकस भीड़ पर
कांग्रेस और जोगी कांग्रेस दोनों ही अपनी-अपनी सभाओं को सफल बनाने की कवायद में जुटी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के धुआंधार दौरे से वोटरों को रिझाने के साथ ही कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने की कोशिश की जाएगी। वहीं जोगी कांग्रेस ने अपनी चुनौती के मुताबिक गुरुवार को ही पेंड्रा में सभा को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक दी है। उसकी कोशिश है कि यहां रायपुर से भी बड़ी भीड़ जुटा सके।
गुरुवार को राहुल गांधी रायपुर में पहला कार्यक्रम करेंगे। यहां की विधानसभा सीटों में भाजपा के विधायकों की संख्या ज्यादा है। जिले में सात विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से दो में कांग्रेस और पांच पर भाजपा विधायक हैं। राहुल 18 मई को दुर्ग जिले में आयोजित कार्यक्रम में जिले के बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनसे सीधे संवाद भी करेंगे। दुर्ग जिले में सात विधानसभा सीटें हैं। इनमें पाटन और दुर्ग शहर विधानसभा कांग्रेस के कब्जे में है तो दुर्ग ग्रामीण, वैशालीनगर, अहिवारा, भिलाई शहर और साजा में भाजपा विधायकों का कब्जा है। बूथ लेवल के जिन कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी संवाद करेंगे वे वही कार्यकर्ता हैं जो चुनाव के समय सबसे निचले स्तर पर काम करते हैं। कांग्रेस के पास वर्तमान में बिलासपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में चार कांग्रेस के पास हैं। लेकिन इनमें से दो विधायक जोगी कांग्रेस के खेमें में चले गए हैं।
इस लिहाज से यहां कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में काफी मेहनत करनी होगी।
पेंड्रा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए राहुल का संवाद कार्यक्रम सहायक हो सकता है। इसी तरह सरगुजा की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।
यहां आदिवासी सम्मेलन के बहाने राहुल उन्हें रिझाने की कोशिश करेंगे।
रायपुर में पहला कार्यक्रम करने के बाद सरगुजा रवाना होंगे राहुल
आदिवासी सम्मेलन के जरिए जोगी कांग्रेस का मेगा शो
जोगी कांग्रेस पेंड्रा में किसान आदिवासी सम्मेलन के जरिए मेगा शो करने जा रही है। अमित जोगी ने कहा है कि उनकी पार्टी ने राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार कर ली है। जोगी के गृहक्षेत्र में आमसभा करने के लिए राहुल गांधी को गोंगपा और एकता परिषद से मदद मांगनी पड़ रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं से 32 विधानसभा क्षेत्रों से भीड़ लाने को कहा गया है। कुछ लोग तो 400 किमी दूर से भी लाए जा रहे हैं। अमित जोगी ने राहुल गांधी को राजनांदगांव से रोड शो निकालने और जशपुर में सभा करने की चुनौती दी।
जोगी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुब्रत डे ने बताया कि सभा में मरवाही व कोटा विधानसभा क्षेत्र के किसान, आदिवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि पेंड्रा की सभा मरवाही विधानसभा के इतिहास की अब तक सबसे बड़ी सभा होगी।
इसमें 65 हजार लोगों के लिए व्यवस्था की जा रही है। सभा स्थल पर दो मंच बनाए गए हैं। एक पर अजीत जोगी बैठेंगे और दूसरे पर पार्टी के वरिष्ठ नेता बैठेंगे।
इंडोर स्टेडियम में सुरक्षा का जायजा लेती रायपुर पुलिस।
मैंने कांग्रेस नहीं छोड़ी, राहुल नहीं जोगी की सभा में जाऊंगा : सियाराम
बिलासपुर | एआईसीसी प्रेसिडेंट राहुल गांधी की सभा के एक दिन पहले जोगी समर्थक बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक ने कांग्रेस को फिर एक झटका दिया। चुनाव के वक्त उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नहीं छोड़ी है। लेकिन राहुल गांधी की सभा में नहीं जाएंगे। चूंकि मुझे पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का आदमी कहा जाता रहा है, इसलिए उनके कार्यक्रम में जाऊंगा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का चुनाव चिन्ह आने पर चुनाव लड़ने के लिए आवेदन करुंगा।
मैं हमेशा से कांग्रेस के लिए काम करता रहा हूं। मेरे क्षेत्र के नागरिक जीवन लाल मनहर को जेल में पीट पीटकर मार डाला गया। मैं धरने पर बैठा तो कांग्रेस ने सहयोग नहीं किया। जब विधानसभा में सवाल उठाने के लिए कहा तो मना कर दिया गया। नगरीय निकाय, जिला और जनपद के चुनाव में भी मुझे मौका नहीं दिया गया। पार्षद की टिकट तक बांटने का अधिकार मुझे नहीं दिया गया। हर बार मुझे अजीत जोगी का आदमी कहकर अलग किया गया। उन्होंने कहा कि अभी मैं कांग्रेस में हूं, लेकिन किसके भरोसे चुनाव लडूंगा। इसलिए अजीत जोगी की पार्टी से ही चुनाव लडूंगा।
क्योंकि पहले भी उन्होंने ही पंजा छाप से मुझे चुनाव लड़वाया था। जिस दिन उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह आएगा मैं आवेदन करुंगा। राहुल गांधी के कार्यक्रम में मुझे नहीं बुलाया गया। मेरे साथ ऐसा कई बार हो चुका है अब बुलाएंगे तब भी नहीं जाऊंगा। मैं अजीत जोगी की सभा में जाऊंगा। चुनाव का समय अभी नहीं है इसलिए इस्तीफा नहीं दिया हूं, जब चुनाव का समय आएगा तो इस्तीफा भी दे दूंगा।