दुर्ग/भिलाई | पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि पिछले 15 साल में प्रदेश में बड़ी कमी यह रही कि कार्यकर्ता का आदर नहीं किया गया। यह सिस्टम बदला जाएगा। छत्तीसगढ़ में बिना कार्यकर्ताओं के पार्टी खड़ी नहीं हो सकती। प्रदेश के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता का सम्मान किया जाएगा। पार्टी के सीनियर नेताओं को आम कार्यकर्ता का सम्मान करना होगा। अादर न करने पर सीनियर नेताओं के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।
शिविर में बूथ कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि सही तरीके से टकिट वितरण होने पर विधानसभा चुनाव जीत सकते हैं। दूसरे स्थान से लाकर पैराशूट नेताओं को टिकट देने से कांग्रेस प्रदेश के चुनाव में हार रही है। राहुल ने कहा िक दूसरे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी को टिकट नहीं दी जाएगी। बाहरी आदमी को टिकट किसी भी हालत में नहीं किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से राय लेने के बाद ही टिकट वितरण किया जाएगा।
कांग्रेस का हर कार्यकर्ता शेर, मेरा काम आपको न्याय दिलाना
कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा िक पार्टी का हर कार्यकर्ता शेर है। अगले चुनाव में हर बूथ पर कांग्रेस के शेर दिखाई देंगे और यही कार्यकर्ता चुनावी जीत दिलाएंगे। राहुल ने कहा िक पार्टी के लिए सबसे जरूरी उसके कार्यकर्ता हैं। उनके बाद दूसरी बातें महत्वपूर्ण होती हैं। आप पार्टी की नीतियों और विचारधारा की रक्षा करो और मैं आपकी रक्षा करने और न्याय दिलाने का काम करूंगा।
आरएसएस शिविर में महिलाएं क्यों नहीं
भिलाई निगम की एमआईसी मेंबर सुभद्रा सिंह ने राहुल से कहा कि पिछले चुनाव में भिलाई में तीन चार हजार लोगों के फर्जी नाम जोड़कर भाजपा ने जीत लिया। कांग्रेस को हर चुनाव क्षेत्र में बूथ स्तर पर फर्जी लोगों के नाम कटवाना होगा। इसी दौरान राहुल ने सवाल किया कि बीजेपी और आरएसएस का काम कैसा है? सुभद्रा ने बताया कि भाजपाई गुंडागर्दी करते हैं। ऐसे लोगों को मैने पीटा भी है। इस पर राहुल ने कहा कि आरएसएस में महिलाएं क्यों नहीं है? सुभद्रा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस महिलाओं को सम्मान नहीं देती। उन्हें बंधुआ समझती हैं। इसीलिए आरएसएस की शाखा में महिलाएं नहीं आती।
आप माइक क्यों छीन रहे हो
कार्यकर्ताओं के सवाल पूरा होने से पहले ही कार्डलेस माइक लेने पर राहुल ने तीन बार टोका। उन्होंने कहा कि अभी कार्यकर्ता का सवाल पूरा नहीं हुआ है। आप माइक कैसे ले सकते हैं। कुछ देर बाद एक अन्य कार्यकर्ता की बात पूरी होने से पहले भी माइक ले लिया गया। राहुल के कहने पर उन्हें दोबारा माइक दिया गया। कुछ देर बाद एक महिला का सवाल पूरा होने से पहले ही कार्डलेस लेने पर राहुल ने नाराजगी जताते हुए माइक देने कहा। कार्यकर्ताओं की पूरी बात सुनने के बाद राहुल ने सवालों के जवाब दिए।
पिछले चुनाव में शायद सेटिंग के कारण हार गए कई सीट
राहुल ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि टिकट वितरण कब होना चाहिए। इसके जवाब में कार्यकर्ताओं ने कम से कम दो माह पहले प्रत्याशी तय करने की मांग की। राहुल ने कहा कि 15 अगस्त तक 90 फीसदी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी तय हो जाएंगे। इसी दौरान एक कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में तीन माह पहले 35 प्रत्याशी घोषित किए गए। इसमें से ज्यादातर लोग चुनाव जीत गए। बाकी सीटों के टकिट वितरण में देर हुई। शायद सेटिंग के कारण गलत तरीके से टिकट वितरण किया गया। राहुल ने जवाब में कहा िक पिछली बातें भूल कर अब नए सिरे से बेहतर तरीके से टिकट वितरण किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से राय लेकर टिकट बंटेगी
राहुल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव में मैदानी लड़ाई लड़ता है, जीतता है लेकिन उसी कार्यकर्ता की सुनवाई नहीं होती। मैदानी लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ता से पूछे बगैर ही प्रत्याशी घोषित कर टिकट दे दिया जाता है। अब ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता की राय लेने के बाद ही छत्तीसगढ़ में टिकट का वितरण किया जाएगा। कांग्रेसी विचारधारा वाले व्यक्ति को ही टिकट दी जाएगी।