छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का फैसला पहली पारी में बढ़त के आधार पर ही होगा। मैच के दूसरे दिन शनिवार को दुर्ग की टीम पहली पारी में 270 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विजय यादव ने 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में रायपुर ने 235 रन पर पांच विकेट गवां दिए थे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीन दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन दुर्ग ने पहली पारी में 257 रन से आगे खेलना शुरू किया। पूरी टीम 96.5 ओवर में 270 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विजय यादव ने 127 गेंद का सामना करते हुए 61 रन बनाए। रायपुर की ओर से उत्कर्ष तिवारी ने सात विकेट झटके। जवाब में दिन का खेल खत्म होने पर रायपुर की टीम ने पांच विकेट पर 235 रन बना लिए थे। पारी की शुरुआत करने उतरी रायपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रायपुर अभी सिर्फ 35 रन ही पीछे हैं।
फाइनल में शतक से टीम को मिली मजबूती
किवनूर छाबड़ा (101 रन, 170 गेंद, 18 चौके) अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रायपुर ने दुर्ग के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट पर 235 रन बना लिए है। अभी वह दुर्ग के कुल रन से 35 रन पीछे है। उसके पांच विकेट बचे हैं। इससे उम्मीद की जा रही है कि रायपु को टीम को पहली पाली में लीड मिल जाएगी। किवनूर ने मौजूदा सीजन के अंतिम लीग मुकाबले में दोहरा शतक लगाया था। टूर्नामेंट में दोहरा शतक लगाने वाले वें पहले बल्लेबाज हैं
छाबड़ा ने 170 गेंदों में बनाए 101 रन
ओपनर बल्लेबाज किवनूर छाबड़ा ने 170 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके लगाए। इसके अलावा आयुष पांडे ने 46 रन बनाए। वेदव्यास साहू(34*) और प्रभाष शुक्ला(30*) पर खेल रहे हैं। मैच के अंतिम दिन रायपुर बढ़त लेकर मुकाबला जीतने के इरादे से उतरेगी।