पेरिस का एफिल टावर देखने को मिला, वो भी उल्टा लटकता हुआ। मौका था स्पेस इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन एंड इनोवेशन (एसआईडीआई) की ओर से हुई तीन दिवसीय इंटीरियर और फैशन एग्जीबिशन की ओपनिंग का।
स्टूडेंट जे. अपूर्वा, दीपाली चावड़ा, सोमेश कृष्णानी और दीप्ति अठवानी ने वेस्ट मेटेरियल, कार्ड बोर्ड, कागज के पाइप रोल, पुरानी साइकल, दरवाजे और पेड़ की टहनी जैसे कई सामान इस्तेमाल कर पेरिस की सड़कों का मॉडल तैयार किया है। जहां एक तरफ एफिल टावर, ब्रिज तो दूसरी तरफ गार्डन और मकान नजर आते हैं। खास बात ये है कि सड़क से लेकर बिल्डिंग तक सारी चीजें उल्टी डिजाइन की गई हैं। एग्जीबिशन में हैरी पॉटर थीम पर उसकी पूरी दुनिया भी बनाई गई है। स्टूडेंट विष्णु देवांगन ने मोम की ड्रेस बनाई है। उन्होंने कपड़े के बेस पर मोम पिघलाकर डिजाइन बनाया है। वहीं, स्टूडेंट महक ने ऐसी मॉडर्न साड़ी एक्जिबिट की है, जिसके पल्लू पर चैन है। इंस्टीट्यूट की रिचा और कपिल केलकर आदि मौजूद रहे।