टाइटंस ने पार्थ प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में सुपरस्टार्स को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। कबीर नगर स्थित मैदान में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में टाइटंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
पहले खेलने उतरी सुपरस्टार्स ने निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट पर 60 रन बनाए। हेमचंद ने 24 रन की पारी खेली। भीमलेश ने तीन रन देकर दो विकेट झटके। जवाब में उतरी टाइटंस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को पूरा कर लिया। टीम के कप्तान विवेक तिवारी ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। विजेता टीम से दो विकेट औ 12 रन बनाने वाले भीमलेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
एक अन्य मुकाबले में कबीर नगर की टीम ने चैलेंजर्स को सात विकेट से हराया। पहले खेलते हुए चैलेंजर्स ने 10 ओवर में चार विकेट पर 83 रन बनाए। जवाब में उतरी कबीर नगर की टीम ने 9.1 ओवर में तीन विकेट पर लक्ष्य को पूरा कर लिया। इस तरह टीम ने प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया।