छत्तीसगढ़ प्रदेश चेस एसोसिएशन के द्वारा कराए गए सीनियर टूर्नामेंट में राज्य के जिलों से 70 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बिलासपुर के उत्तम मिश्रा ने 6 अंकों के साथ राज्य स्तरीय शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता। वहीं दुर्ग के एस धनंजय दूसरे स्थान पर रहे। दुर्ग के ही आशुतोष बनर्जी को तीसरे स्थान मिला। राजनांदगांव के रजनीकांत बख्शी को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। रायपुर के टॉप रेटेड खिलाड़ी पीएल शास्त्री युवा खिलाड़ियों के सामने टिक भी नहीं पाए। 4.5 पॉइंट हासिल कर मुकाबले से बाहर हो गए। विजेता उत्तम ने सातवें और आठवें राउंड में शिव शर्मा को मात देकर उत्तम ने खिताब जीता। उत्तम मिश्रा, एस धनंजय, आशुतोष बैनर्जी और रजनीकांत बख्शी का नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है।
तीन दिन चला शह व मात का खेल
8 राउंड में मुकाबला हुआ उत्तम मिश्रा रहे अव्वल
अंबिकापुर में 18 से 20 मई तक चले इस ओपन टूर्नामेंट में बिलासपुर, रायपुर दुर्ग, महासमुंद, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और राजनांदगांव के 70 खिलाड़ियों के बीच आठ राउंड में मुकाबले खेले गए। शनिवार को खेले गए चौथे राउंड के मुकाबले में रायपुर के पीएल शास्त्री ने बिलासपुर के उत्तम मिश्रा को शिकस्त देकर चार पॉइंट हासिल कर टॉप पर काबिज हो गए थे। जिले के उत्तम ने वापसी कर सातवें व आठवें राउंड में जीत हासिल की।
टूर्नामेंट के टॉप-10 खिलाड़ी
अच्छा प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दस खिलाड़ियों में उत्तम मिश्रा बिलासपुर, एस धनंजय दुर्ग, आशुतोष बनर्जी दुर्ग, रजनीकांत बख्शी राजनांदगांव, वत्सल अग्रवाल रायगढ़, प्रियांशु शेखर रायगढ़, अंशुल उप्पल दुर्ग, शिवशंकर शर्मा दुर्ग, योगेश देवांगन बिलासपुर, शिवम सिन्हा सरगुजा शामिल हैं।
जानिए... जूनियर वर्ग में किसे कितने अंक मिले
अंडर -11 बालिका वर्ग में प्रेरणा मिश्रा रायगढ़ 2.5 अंक, बालक वर्ग में चंदन विश्वकर्मा महासमुंद 2.5 अंक, अंडर -13 बालिका वर्ग में सुनीता सिंह सरगुजा 2 अंक, बालक वर्ग में राहुल शर्मा दुर्ग 4.5 अंक, अंडर-15 में महिमा जायसवाल रायगढ़ 4 अंक, बालक वर्ग में ओम आदित्य साहू 4 अंक , अंडर-17 में पूजा बघेल सरगुजा को 4.5 अंक मिले हैं। बेस्ट वेटरन के लिए रायपुर के पीएल शास्त्री का चयन किया गया। यूनाइटेड शतरंज संघ सहयोग रहा।