दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा कचरे से बिजली बनाने का प्लांट, मिलेगी राहत
बीएसपी के सीईओ एम रवि ने कहा कि टाउनशिप सहित भिलाई, दुर्ग व भिलाई-3 चरौदा नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन कलेक्ट होने वाले कचरे से बिजली तैयार की जाएगी। कचरा से बिजली बनाने का प्लांट स्थापित करने टेंडर प्रक्रिया में है। जिसे अगले डेढ़ महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद संबंधित एजेंसी को प्लांट स्थापित करने के लिए डेढ़ साल का समय दिया जाएगा। इस तरह अगले दो साल में प्लांट में कचरे से बिजली बनने लगेगी।
सीईओ ने यह जानकारी सेक्टर-1 स्थित नेहरु सांस्कृतिक भवन में आयोजित “स्वच्छ भारत अभियान” कार्यक्रम में दी। उन्होंने बताया कि प्लांट में प्रतिदिन करीब 250 टन कचरे से बिजली बनाई जाएगी। बिजली का इस्तेमाल शहर में ही किया जाएगा। सीईओ ने स्वच्छता अभियान में राज्य शासन और निगम प्रशासन से मिल रहे सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि टाउनशिप पहले से साफ-सुथरा रहा है। इसे और साफ-सुंदर बनाना है। इस दौरान संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वच्छता आधारित परिवर्तन लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
साथ ही संयंत्र के भिलाई इस्पात विकास विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता आधारित नाटक का मंचन किया। इसके पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णु देव साय ने स्वच्छता और सुंदरता का संदेश देने के लिए नेहरु सांस्कृतिक भवन में वृक्षारोपण किया। बाद में सेक्टर-1 पार्क में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सफाई अभियान में भाग लिया। इस्पात राज्यमंत्री ने भिलाई में स्वच्छता अभियान के तहत जारी विभिन्न क्रियाकलापों पर फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
प्रतिदिन ढाई सौ टन कचरे से बिजली का होगा उत्पादन
स्वच्छता दिवस पर सेक्टर-1 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झाड़ू लगाते मंत्री और सीईओ।
साफ-सफाई के लिए जागरूक हो रहे लोग, असर भी दिखने लगा
केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साढ़े तीन वर्ष पूर्व शुरू किए गए स्वच्छता अभियान को लोग आत्मसात कर रहे हैं और इस ओर व्यापक बदलाव देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन फिल्म की सराहना करते हुए सीडी उपलब्ध कराने को कहा। श्री साय ने स्वच्छता के प्रति उन्होंने जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि पूरे देश में स्वच्छता दिवस मनाया जा रहा है और स्वच्छता एक अभियान का रूप ले चुका है। इस्पात राज्यमंत्री ने साफ-सफाई को लेकर विदेशों में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में यही स्थिति देखने को मिलेगी।
अभियान को पूरा करने में हर नागरिक की भागीदारी है जरूरी
विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने उपस्थितों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन में अपनी भागीदारी दें । बीएसपी को स्वच्छता मिशन में उनकी भागीदारी के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक दिन में हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसमें निरंतर भागीदारी की आवश्यकता है और इस ओर हमारा देश बदल रहा है। अब लोग सार्वजनिक स्थानों में कचरा फैलाने से परहेज करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सफाई को समाजसेवी संगठनोें, आध्यात्मिक लोगों का मुद्दा बताया जाता था। सरकार ने इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखा। और इसकी गंभीरता को बताया। नतीजा दिख रहा है।
बीएमएस के प्रतिनिधियों ने सौंपा मांगों से भरा ज्ञापन
भिलाई इस्पात मजदूर संघ (बीएमएस) के एक प्रतिनिधिमंडल ने यूनियन के महामंत्री दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय को विभिन्न मांगों ज्ञापन सौंपा। जिसमें कर्मियों के लंबित वेतन समझौता के लिए जल्द एनजेसीएस बैठक आयोजित करने, पेंशन स्कीम को स्वीकृति दिलाने, 2008 एवं 2010 में ई जीरो की भर्ती परीक्षा वरिष्ठता के आधार पर इंटरव्यू के माध्यम से करने साथ ही पदों की संख्या 10 प्रतिशत करने की सहित अन्य मांग शामिल है। इसमें बंद सुविधाओं को दोबारा बहाल करने सहित एचआरए तय करने जैसी मांगों को यूनियन ने प्रमुखता के साथ रखा है।
भाजपा के नेताओं ने भी कर्मियों की मांगों को रखा
भाजपा के जिला पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल भी केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न स्थानीय विषयों पर चर्चा की। भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधायक राजमहंत सांवलाराम डाहरे के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने बीएसपी कर्मचारियों की वेज रिविजन, पेंशन सहित अन्य सुविधाओं के अलावा संगठन के विषय को रखा। इस दौरान व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वी विश्वनाथन आचारी, जिला महामंत्री खिलावन सिंह साहू, जिला उपाध्यक्ष संजय खन्ना, जिला मीडिया प्रभारी पवन केसवानी आदि मौजूद रहे।