वेज रिविजन के लिए कर्मियों ने लगाए नारे, पंपलेट भी बांटा
बीएसपी कर्मियों के जल्द वेज रिवीजन और प्लांट को स्पेशल यूनिट का दर्जा देने सहित कर्मियों से जुड़ी कई मांगों को लेकर इंटक यूनियन ने बुधवार को बोरिया गेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान पंपलेट का वितरण भी किया गया। बाद में मांगों को पूरा करने के लिए आईआर विभाग को सेल चेयरमैन के नाम पर ज्ञापन सौंपा।
इंटक महासचिव एसके बघेल ने मांगों की जानकारी देते हुए बताया कि एक जनवरी 2017 से नया वेतन समझौता होना है। इसे जल्द से जल्द लागू किया जाए। एनजेसीएस के मुद्दे जैसे एचआरए सेल पेंशन स्कीम, एस-12 एवं अन्य लंबित मुद्दों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। मंथली इंसेंटिव स्कीम का रिवीजन किया जाए एवं डेली रिवार्ड स्कीम दोबारा शुरू किया जाए। प्रमोशन नीतियों में बदलाव कर प्रति तीन वर्षों में कर्मियों को प्रमोशन दिया जाए एवं एक्सटेंडेड क्लस्टर को समाप्त कर पदनाम को नियमित किया जाए। प्रदर्शन को मेयर देवेंद्र यादव, एफएसएनएल के इंटक अध्यक्ष अरूण सिसोदिया ने भी समर्थन दिया। इस दौरान कर्मियों की एलओपी बनाने की मांग रखी।
डिप्लोमाधारियों को दिया जाए सम्मानजनक पद
आईटीआई पास को एस 3 ग्रेड और डिप्लोमा/बीएससी पास की भर्ती एस-6 ग्रेड में करने, एसीटी एवं ओसीटी को उनका ग्रेड और सम्मानजनक पदनाम दिए जाए। पर्सनल विभाग में कार्यरत कर्मियों का भी ट्रेनिंग पीरियड जोड़ा जाए। कर्मियों से जल कर की कटौती बंद की जाए। कर्मियों के सामान्य मृत्यु होने पर भी आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति जल्द दी जाए एवं किसी भी प्रकार मेडिकल अनफिट होने पर भी उनके एक आश्रित को नौकरी दी जाए।
कर्मियों की बंद प्रमोशन प्रक्रिया दोबारा शुरू करे
प्रदर्शन के दौरान पर्सनल विभाग के कर्मियों की बंद प्रमोशन प्रक्रिया और ई जीरो प्रमोशन प्रक्रिया जल्द चालू करने, आवास, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं को अपग्रेड करने, ठेका श्रमिकों को समान काम समान वेतन देने, दैनिक निर्धारित वेतन की पूरी राशि बैंक खाते में जमा करने के साथ-साथ एसीटी एवं ओसीटी को ट्रेनिंग पीरियड में रेगुलर ग्रेड का वर्तमान न्यूनतम बेसिक की राशि स्टायफंड के रूप में देने, 2008 से पहले ज्वाइन किए ओसीटी एवं एसीटी का भी ट्रेनिंग पीरियड से जोड़ने की मांग भी प्रमुखता से की गई।