छत्तीसगढ़ तैराकी संघ द्वारा राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को डीपीएस रिसाली में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलो से 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 60 इवेंट में हुए इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने खेल का प्रदर्शन किया। जिसके आधार पर अब राज्य के टीम का चयन किया जाएगा। रविवार को हुए राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में वर्ग -1 के पहले इवेंट फ्री स्टाइल में रायपुर के पार्थ तिवारी ने 19.53 मिनट में टॉस्क पूरा कर पहले स्थान पर रहे।
इसमें बीएसपी के अनंत पांडेय 20.14 मिनट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बिलासपुर के आयुष पांडेय 20.25 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह चार वर्ग के मुकाबले खेले गए। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के अध्यक्ष गोपाल खंडेलवाल रहे। इस दौरान महासचिव सहीराम जाखड़ और डीपीएस स्कूल के प्राचार्य प्रशांत वशिष्ठ उपस्थित रहे।
डीपीएस रिसाली में हुई राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने लगाई डाइव।
दुर्ग जिले के खिलाड़ी 36 पदक जीत पदक तालिका में हैं दूसरे स्थान पर
राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में बिलासपुर 94 पदक के साथ पहले स्थान पर हैं। बिलासपुर के बाद दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने कुल 36 पदक अपने नाम किया। जिले में दुर्ग, बीएसपी और भिलाई कार्पोरेशन तीनों ही टीमों को मिलाकर कुल 10 गोल्ड मेडल, 11 सिल्वर और 14 ब्रांज मेडल हासिल कर दूसरा स्थान बनाने में सफल रहें है। वहीं रायपुर की टीम सिर्फ 1 ही गोल्ड जीतने में सफल रही। सोमवार को भी प्रतियोगिता के अगले चरण की स्पर्धाएं होंगी।
छत्तीसगढ़ से 10 से अधिक टीमों के खिलाड़ी हुए प्रतियोगिता में शामिल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राज्य के कोने-कोने से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिसमें रायपुर, बिलासपुर, बिलासपुर कार्पोरेशन, बीएसपी, कोरबा, भिलाई कार्पोरेशन, सरगुजा, दुर्ग और रायगढ़ आदि जिलों से भिलाई में हुई प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बिलासपुर और भिलाई की दो टीमों ने हिस्सा लिया। हर वर्ग में शामिल हुए प्रतिभागियों पर चयनकर्ताओं की नजर रही। विजेता खिलाड़ियों में से ही राज्य की टीम चुनी जाएगी, जो नेशनल में प्रतिनिधित्व करेगी।
मंगलवार को जारी होगी राज्य की टीम की सूची
तैराकी प्रतियोगिता में विनर रहे सभी खिलाड़ियों की लिस्टिंग कर ली गई है। जिसमें हर वर्ग से तीन-तीन खिलाड़ियों फर्स्ट, सेकंड और थर्ड पोजिशन पाने वाले खिलाड़ी। सभी खिलाड़ियों को मेरिट के आधार पर राज्य की टीम में शामिल किया जाएगा। जिसकी घोषणा मंगलवार तक कर दी जाएगी। जिसकी तैयारी राज्य तैराकी संघ द्वारा कर ली गई है।
24 से 29 जुलाई से पूणे में होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद तैराकी का नेशनल लेवल तैयारी चैंपियनशिप पुणे में आयोजित होगा। इसके लिए संघ द्वारा 24 से 29 जुलाई का समय तय किया है। राज्य तैराकी संघ के महासचिव सहीराम जाखड़ ने बताया कि टीम की घोषणा जल्द से जल्द कर दी जाएगी। जिसके बाद राज्य की टीम को नेशनल चैंपियनशिप के लिए तैयार किया जाएगा। नेशनल प्रतियोगिता पुणे में होगी। यह प्रतियोगता उसी की तैयारी है।