दुर्ग ने बिलासपुर को और रायपुर ने बीसीए को हराया
दुर्ग ने रियाजुद्दीन स्मृति अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले के अंतिम दिन बुधवार को बिलासपुर को 115 रनों से शिकस्त दी। दुर्ग अब खिताब के लिए रायपुर से भिड़ेगा। वहीं भिलाई में खेले गए बीसीए और रायपुर के बीच मैच में बीसीए की टीम प्रतियोगिता में रायपुर से हारकर बाहर हो गई। रायपुर की टीम पहली पारी में 98 रनों की बढ़त के आधार पर फाइनल में पहुंची। तीन दिवसीय फाइनल मुकाबला 18 मई से खेला जाएगा।
दुर्ग और बिलासपुर के बीच खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दुर्ग की टीम पहली पारी में 194 रन ही बना सकी थी। इसके जवाब में बिलासपुर केवल 121 रन पर ही ढेर हो गई। इस आधार पर दुर्ग को पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल हुई थी। दूसरी पारी में दुर्ग की टीम 64.3 ओवर में 138 रन ही बना सकी और 73 रन की बढ़त के साथ बिलासपुर को 211 रनाें का लक्ष्य दिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बिलासपुर की टीम अपनी दूसरी पारी में 23.1 ओवर में मात्र 96 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। यह मैच 115 रनों से दुर्ग ने जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
भिलाई में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में रायपुर ने बीसीए की टीम को मात दी।
इधर... रायपुर ने बीसीए को 116 पर ढेर कर टूर्नामेंट से किया बाहर
भिलाई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बीसीए की टीम रायपुर से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। मैच के अंतिम दिन रायपुर के उत्कर्ष तिवारी ने 8 विकेट लेकर बीसीए की टीम को 116 रनों पर ढेर कर दिया। वहीं अमितेश पांडेय ने 20 ओवर में ही 60 रन देकर 1 विकेट चटकाया। पहली पारी में 98 रनों की लीड के आधार पर रायपुर की टीम ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। बीसीए की तरफ से सबसे ज्यादा संकेत ने 61 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली।
मात्र 22 रन ही जोड़ पाई दुर्ग की टीम
रायपुर के आरडीसीए मैदान पर खेले गए मैच के अंतिम दिन बुधवार को दुर्ग ने सात विकेट पर 116 रनों से आगे की पारी शुरू की। सौरभ सोलंकी (22) रन को एजाज ने आउट कर टीम को आठवां झटका दिया। विजय यादव (16) रन को यमन ने बोल्ड किया। 65वां ओवर लेकर आए यमन ने प्रांशु ठाकुर (6) रन को बोल्ड कर दुर्ग की टीम को 64.3 ओवर में 138 रनों पर ऑलआउट कर दिया। दुर्ग की टीम बुधवार को मात्र 22 रन ही जोड़ पाई।
बिलासपुर की रही मैच में खराब शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम का पहला विकेट संस्कार शुक्ला (0) को कुल स्कोर 3 रन पर विजय ने आउट किया। मयंक (9) को प्रांशु ने बोल्ड कर टीम को 11 रनों पर दूसरा झटका दिया। दुर्गेश बिना खाता खोले विजय का शिकार हो गए। अल्तमश के साथ गणेश ने 16 रन जोड़कर स्कोर 28 रनों तक पहुंचाया।
गेंदबाजों के दम पर दुर्ग फाइनल में पहुंचा
सेमीफाइनल मैच में दोनों टीमों के गेंदबाजों का दबदबा दिखाई दिया। गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी के दम पर दुर्ग को फाइनल में प्रवेश दिलाया। टीम की ओर से पहली पारी में सौरभ सोलंकी ने 7 विकेट लेकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। दूसरी पारी में युग दिपांशु ने 8 ओवर में 38 रन देकर 4 विकेट लिए। प्रांशु, विजया और सौरभ को 2-2 विकेट मिले।