हुडको की सड़कों पर अब पानी नहीं भरेगा। बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने सड़क का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया है। इससे हादसे नियंत्रित तो होंगे ही। स्कूली विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी।
सीटू के सचिव हेमंत जंगम ने बताया कि हुडको में महिला महाविद्यालय के पास की सड़क की जर्जर स्थिति को सामने रखते हुए यूनियन ने मांग की थी कि इस जर्जर सड़क से सैकड़ों विद्यार्थियों का आना जाना लगा रहता है। इसी सड़क पर तीन स्कूल और कॉलेज मौजूद हैं, जिनमें सैकड़ों विद्यार्थी पढ़ते हैं। इस सड़क के बन जाने से यहां पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसी वर्ष फरवरी में हुडको में महिला महाविद्यालय के पास की सड़क बनवाने के लिए सीटू का प्रतिनिधिमंडल महाप्रबंधक नगर सेवाएं विभाग एके पति से मिला था। सीटू के प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष पूरन वर्मा शामिल थे।
बरसात में सड़क में भर जाता था पानी
सीटू प्रतिनिधि मंडल के मुताबिक बरसात के मौसम में इस सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता था और सड़क और गड्ढे में फर्क महसूस नहीं होता था। ऐसी स्थिति में लगातार दुर्घटनाएं होती रहती थी। इन से बचाव के लिए सीटू ने मांग की थी कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस कार्य को बेहद प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए। इस पर महाप्रबंधक महोदय ने अपनी सहमति व्यक्त की थी तथा इसके लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया था।