हाउसलीज का छठा फेज लागू कराने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का प्रतिनिधि मंडल इन दिनों दिल्ली प्रवास में है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह, पीएमओ में अफसर नवीन सिन्हा से मिलने के साथ ही भाजपा व कांग्रेस मुख्यालय जाकर 61 हजार लोगों के हस्ताक्षर का ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को प्रतिनिधि मंडल के आधे सदस्य भिलाई आ जाएंगे।
यह जानकारी हाउसलीज संयुक्त संघर्ष समिति की साप्ताहिक बैठक में दी गई। बताया गया कि केंद्रीय इस्पात मंत्री ने सेल अफसरों से इस मुद्दे पर चर्चा करने का प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया है। पीएमओ में छठा चरण लागू करने की मांग को टाउनशिप में समर्थन करने वाले 61 हजार लोगों के हस्ताक्षर का ज्ञापन भी सौंपा गया। इधर टाउनशिप में समिति ने अपनी गतिविधियां जारी रखते हुए 24 मई को शहर से संवाद का आयोजन करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम शाम 5 बजे इक्विपमेंट चौक में रखा गया है। जिसमें दिल्ली गए प्रतिनिधि मंडल के सदस्य अपना अनुभव रखेंगे। बैठक में विजय मिश्रा, बीपी चौरसिया, बंशी नारायण, अजीत चौधरी, आरएन तिवारी, विनोद शर्मा, गोपाल शर्मा, श्याम बिहारी प्रजापति, लतखोर यादव, गोविंद देवांगन, जीएल देवदास, बीडी कुलदीप आदि मौजूद थे। गौरतलब है कि बीते सप्ताह आंदोलनकारियों का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली गया था।