3 ट्रेड में अप्रेंटिस की परीक्षा रद्द, 18 जून को फिर बुलाया
परीक्षा रद्द होने को लेकर एचआरडी बिल्डिंग में ये सूची चस्पा कर दी गई।
सिटी रिपोर्टर | भिलाई
बीएसपी में अप्रैल में ट्रेड अप्रेंटिस के लिए चयनित होने वाले युवकों को मंगलवार को उस समय निराशा का सामना करना पड़ा जब प्रबंधन ने तीन ट्रेड की परीक्षा ही रद्द कर दी। साथ ही एचआरडी बिल्डिंग में इस बात की सूचना देते हुए नोटिस चस्पा कर दी कि दोबारा इन ट्रेड के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिए इच्छुक आईटीआई पास युवक एनसीवीटी के पोर्टल पर नजर रखने कहा गया है। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होने पर 18 जून को एचआरडी में संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसपी प्रबंधन ने जनवरी में ट्रेड अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन मंगवाए थे। फरवरी तक आवेदन की प्रक्रिया चलने के बाद अप्रैल के पहले सप्ताह चयनित बच्चों की सूची जारी की गई। यह प्रक्रिया कानपुर में सरकारी संस्था द्वारा की गई। 13 अप्रैल को चयनित बच्चे जब ज्वाइनिंग के लिए एचआरडी पहुंचे तो उनमें से 40 को एचआरडी की इंचार्ज ने ज्वाइनिंग कराने से इंकार कर दिया। इनमें फिटर, डीजल और कोपा ट्रेड के चयनित अभ्यर्थी थे।
हंगामे के बाद पहुंचे सीटू के प्रतिनिधि, की पूछताछ
परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलते ही अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीटू के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एचआरडी के अफसर पूछताछ शुरू हो गई। पहले तो अफसर ने यह कहते हुए दबाव बनाने की कोशिश की कि किसे ज्वाइन कराना है किसे नहींं यह उनके अधिकार क्षेत्र का मामला है। लेकिन जब वंचित किए जा रहे बच्चों के परिजन और सीटू नेता विरोध करने लगे तो प्रबंधन ने मामले का निराकरण करने के लिए समय मांगा। उसके बाद माहौल शांत हुआ।
बीएसपी प्रबंधन की सूची भी मेल नहीं खा रही है
कानपुर की जिस सरकारी संस्था ने इंटरव्यू से लेकर चयन की प्रक्रिया को पूरा किया उसकी और बीएसपी प्रबंधन की सूची भी मेल नहीं खाने की जानकारी मिली है। जिसके बाद प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण ईडी पर्सनल अनुराग नागर को सौंप दिया। उन्होंने तीन ट्रेड की परीक्षा को ही रद्द करते हुए नए सिरे से आयोजित कराने का निर्णय लिया।