महीने में दो बड़ी चोरियां, दोनों में पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग, प्रार्थी लगा रहे चक्कर
छोटी-छोटी चोरियों के खुलासे कर अपनी पीठ थपथपाने वाली पुलिस को बड़ी चोरियों में कोई सुराग नहीं मिल रहा है। जबकि चोर बड़ी आसानी सूने घरों की रैकी करके वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं, पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और तमाम कांबिंग गश्त कर अभियान चलाने के दावे करती है। इसके बाद चोर बड़ी आसानी से अपने मंसूबों में कामयाब हो रहे हैं।
बीएसपी में डीजीएम डीके जाधव ने बताया कि, बेटी की शादी के लिए लड़का देखा जा रहा था। इसके चलते वे धीरे-धीरे सोने-चांद समेत हीरे के गहने इक्ट्ठा करने में लगे थे। घटना दिन में मात्र तीन घंटे के लिए घर पर ताला डालकर गए थे। इतने समय में ही चोर उनके घर से 12 लाख कीमत का 34 तोला सामान ले गए। इसी तरह मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुई वारदात को रात में अंजाम दिया गया था। घटना के आरोपी आज तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
एक रात के लिए घर सूना रहा और हो गई चोरी, 8 लाख रु. का सामान पार
पिछले महीने साकेत कॉलोनी की निवासी शमीम बेग अपने रिश्तेदार के घर गमी में शामिल होने गए थे। अगले दिन जब वापस आए तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था। रात में चोर 8 लाख की कीमत के 13 तोला सोना और 600 ग्राम चांदी पार कर ले गए थे। घटना के दौरान खुद एएसपी ने फारेंसिक और डॉग स्क्वायर्ड बुलाकर मामला की जांच-पड़ताल कराई थी। बावजूद इसके अभी तक पुलिस घटना का अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। छोटे मामलों का ही खुलासा हुआ है।