पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में खेले जा रहे पीसीएल-2018 टूर्नामेंट में पीसीसी वॉरियर के विजयी रथ को पीसीसी सुपर ने रोका।
सुपर ने वॉरियर को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वॉरियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 92 रन बनाए। इसमें अभ्युदय सिंग ने 27 और अनिमेश अग्रवाल ने 23 रनों की पारी खेली। 93 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीसी सुपर की टीम ने तेजी से रन बनाते हुए महज 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सुपर ने 2 विकेट खोकर 93 रन बना लिए। इसमें साहिल रजत ने नाबाद 38 और रौनक यादव ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
सेमीफाइनल के लिए आज स्ट्राइकर और चार्जर भिडेंगी
सोमवार को पीसीएल-2018 का सेकंड क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। मैच पीसीसी स्ट्राइकर और पीसीसी चार्जर के बीच खेला होगा। दोनों ही टीमों में से जो टीम मैच जीतेगी वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी। रविवार को हुए मैच के अंपायर मयंक वर्मा, सिप्रियान टिग्गा और देव तिवारी रहे। मैच रेफरी मनोज शुक्ला थे। विजेता टीम के खिलाड़ियों को अगले दौर के लिए उन्होंने शुभकामनाएं दी।