संयंत्र भवन में संचार मंच का किया गया आयोजन। विजेताओं को दिए इनाम।
सिटी रिपोर्टर | भिलाई
बीएसपी के उत्पादन, आयोजन एवं नियंत्रण विभाग द्वारा संयंत्र भवन में संचार मंच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक (पीपीसी) एस एन आबिदी ने आज सभी कार्मिकों को सुरक्षा के प्रति अधिक सजग एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है।
हमें अपने दैनिक दिनचर्या में व्यवहारिक सुरक्षा को अपनाकर अपने एवं अपने सहकर्मियों को सुरक्षित रखने का प्रयास करना चाहिए । उन्होंने सदस्यों को कार्यक्षेत्र में कार्य करते समय सुरक्षा उपकरणों को उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अब्राहम कुरियन (सांख्यक, सांख्यिकी अनुभाग) द्वारा वैश्विक इस्पात बाजार में इस्पात का अभिनव उपयोग, अप्रैल 2018 में संयंत्र के मुख्य उत्पादन इकाइयों के उत्पादन-निष्पादन एवं माह के हाईलाइट्स, मई 2018 में संयंत्र के उत्पादन योजना की जानकारी सभागार में उपस्थित सभी सदस्यों को हिंदी में प्रस्तुतिकरण के माध्यम से दी गई। इस दौरान सदन में उपस्थित सदस्यों ने संयंत्र में होने वाली दुर्घटना के कारणों एवं उसके निदान पर चर्चा की।
स्पर्धा के विजेता पुरस्कृत
कार्यक्रम में 9 मई को विभागीय स्तर पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में पुष्पलता नागवंशी (वरिष्ठ सांख्यक) प्रथम, संतोष कुमार शर्मा (सांख्यक) द्वितीय एवं राजेंद्र कुमार शर्मा (उप-प्रबंधक, नियंत्रण केन्द्र अनुभाग) तृतीय रहे।