छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार से राजधानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुरू हुआ। इस तीन दिवसीय मुकाबले में अब तक अपराजेय रही रायपुर के खिलाफ दुर्ग की टीम ने पहले दिन ठोस शुरुआत की है। दुर्ग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन 93 ओवर में 8 विकेट खोकर 257 रन बना चुकी है। जिसमें दुर्ग के आदित्य सिंह 67, शिवम गिरी 64 और विजय यादव ने 53 रनों की पारी खेली।
विजय यादव अभी भी क्रीज पर नाबाद है। उनके साथ प्रांशु ठाकुर 19 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। फाइनल मुकाबले में रायपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। लेकिन शुरुआती समय में रायपुर के गेंदबाज रन रोकने और विकेट निकालने में कामयाब नहीं हुए। लेकिन सेकंड हाफ के बाद रायपुर के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए दुर्ग के 8 विकेट चटकाए।
शुरू में रायपुर के गेंदबाज विकेट लेने में नहीं हो पाए सफल
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रायपुर और दुर्ग के बीच अंडर -19 का फाइनल मैच खेला जा रहा।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दुर्ग की टीम ने बनाए तेजी से रन
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दुर्ग की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। दुर्ग के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने शुरु में विकेट पर टिक कर खेलना शुरू किया। जैसे-जैसे समय बीतता गया दुर्ग के खिलाड़ियों ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। खेल खत्म होने तक दुर्ग की टीम मजबूत स्थिति पर पहुंच गई है। दूसरे दिन रायपुर को 2 विकेट और लेने हैं। दुर्ग के विजय यादव का विकेट रायपुर के लिए अहम होगा। वह 53 रन बनाकर अभी पिच पर डटे हुए हैं। इसके अलावा दुर्ग की टीम अपने रनों में और इजाफा करना चाहेगा, ताकि रायपुर को सही चुनौती दे सके।
आदित्य व शिवम गिरी ने लगाए 10-10 चौके
दुर्ग की तरफ से पहले दिन ही दिन तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। जिसमें आदित्य सिंह ने 124 गेंद में 10 चौके की मदद से 67 रन बनाए। शिवम गिरी ने 159 गेंद में 10 चौके की मदद से 64 रन बनाए। विजय यादव 114 गेंद में 6 चौके की मदद से 53 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए है। तीनों ही बल्लेबाजों की अर्धशतक की बदौलत दुर्ग ने रायपुर के खिलाफ पहली पारी में मजबूत शुरुआत की है।
रायपुर के उत्कर्ष तिवारी ने झटके पांच विकेट
टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में अपराजेय रायपुर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। उत्कर्ष तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 92 रन देकर पांच विकेट झटके। दुर्ग ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 93 ओवर में 8 विकेट पर 257 रन बनाए। रायपुर से अमितेश पांडे, प्रभाष शुक्ला और आयुष ठाकुर ने 1-1 विकेट लिए।
स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार
टूर्नामेंट में पहली बार मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में कराए जा रहे हैं। यहां की पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। लेकिन पहले दिन स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की। रायपुर की टीम अब शनिवार को दुर्ग को जल्द से जल्द ऑलआउट करने के इरादे से उतरेगी। रायपुर के कप्तान उत्कर्ष के ऊपर टीम को इस स्थिति से बाहर निकालने का अतिरिक्त दबाव भी होगा।