रावघाट व माइंस में 10 वीं बोर्ड परीक्षा में 19 में से 15 आदिवासी बच्चे रहे अव्वल
बीएसपी सीएसआर के ट्राइबल विद्यार्थियों ने सीजी बोर्ड की कक्षा-10 वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा में 19 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 15 प्रथम और 4 विद्यार्थी दूसरे स्थान पर रहे।
बीएसपी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत राजहरा एवं रावघाट खदान क्षेत्र के 71 मध्यवर्ती जोन के गांवों के ट्राइबल विद्यार्थियों ने शैक्षणिक वर्ष 2017-18 की छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खनिज नगरी को गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम के तहत डौंडी ब्लॉक के पुत्तरवाही गांव के राकेश कुमार ने इस बैच में 89.33 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान अर्जित किया है। वहीं डौंडी ब्लॉक के कुसुमकसा गांव के पंकज कुमार कोठारी ने 87.67 प्रतिशत, खैरवारी गांव के सतीश कुमार ने 86.50 प्रतिशत एवं कोटगांव के दीकेश कांत नायक ने 82.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। अंतागढ़ ब्लॉक के तहत कोलार गांव के धर्मेंद्र कुमार ने 82.33 प्रतिशत अंक हासिल किया है।