कार्य के दौरान एसओपी का पालन जरूरी
बीएसपी के महाप्रबंधक (प्लेट मिल) एके सिंह के दिशा-निर्देश में 10 मई को क्रेन, मेकेनिकल सेक्शन तथा 12 मई को नार्मलाइजिंग, मेकेनिकल सेक्शन में सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दोनों अनुभागों के नियमित कार्मिकों व ठेका श्रमिकों ने भाग लिया।
सुरक्षा बैठक में उपस्थित उप महाप्रबंधक प्रभारी (यांत्रिकी) क्रेन व नार्मलाइजिंग सीवी आर के राव ने सुरक्षा के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि गैस लाइन, रोल टेबल, चैन ड्राइव व ऊंचाई पर कार्य करते समय प्रोटोकॉल व एसओपी का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक दिन कार्य प्रारंभ करने के पहले कार्य से संबंधित सुरक्षा व कार्यस्थल की जानकारी प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया। वहीं विभागीय सुरक्षा अधिकारी व उप महाप्रबंधक आरके बिसारे ने समय-समय पर क्रेन व टेल्फर की जांच, लिमिट स्विच की जांच व लोड टेस्ट करने की सलाह दी। साथ ही शटडाउन की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद ही कार्य करने पर बल दिया।
मेडिकल जांच के महत्व पर भी चर्चा: बैठक में सुरक्षा ट्रेनिंग व मेडिकल जांच के महत्व पर चर्चा की गई। जिसमें राकेश भार्गव, वरिष्ठ प्रबंधक, बीएस छग्गर, सहायक प्रबंधक ने भी सुरक्षा के संबंध में अपने विचार रखे।
सतर्कता
प्लेट मिल विभाग के क्रेन एवं नार्मलाइजिंग सेक्शन में सुरक्षा बैठक, कर्मियों को दी जानकारी
प्लेट मिल में वर्कशाप के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से सुरक्षा पर दिए गए टिप्स।
पाली प्रारंभ करने के पूर्व सुपरवाइजर दे निर्देश
डीजीएम बिसारे ने यह भी कहा कि क्रेन में कार्य करते समय आसपास चल रहे क्रेन का भी ध्यान रखना चाहिए। छोटी-छोटी गलतियों के कारण बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं जिसे व्यक्ति समय पर सावधान रहकर स्वयं रोक सकता है। डीजीएम बिसारे ने पाली के प्रारंभ व कार्य प्रारंभ करने के पूर्व सुरक्षा निर्देश देने को सुनिश्चित करने के लिए पाली प्रभारी/सुपरवाइजर को निर्देशित किया। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि स्वयं को सुरक्षित रखकर ही शून्य दुर्घटना का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। मास्टर टेक्नीशियन फनीषधर द्विवेदी, शैलेन्द्र मिश्रा, नियमित, ठेका कर्मी मौजूद थे।